लाखो रुपये की डकैती का हुआ खुलासा : नगद, आभूषण समेत 10 आरोपियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार

रायपुर पुलिस ने अनुपम नगर में हुई डकैती की गुत्थी सुलझा ली है। इस सनसनीखेज वारदात में नागपुर के दो अंतर्राज्यीय अपराधियों समेत 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिसमें एक महिला भी शामिल है। पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर पूरी वारदात का पर्दाफाश कर लिया और आरोपियों के कब्जे से डकैती की नगदी रकम 59,50,000/- (उनसठ लाख पचास हजार रूपये), सोने के आभूषण तथा घटना में प्रयुक्त रिज्ड एवं अल्टो कार जब्त किया।
घटना 11 फरवरी की है, जब दोपहर में फौजी वर्दी पहने बदमाशों ने अनुपम नगर स्थित मकान में डकैती डाली। घर के तीन सदस्यों को बंधक बनाकर आरोपियों ने 65 लाख रुपये नगद, सोने की चेन और मोबाइल लूट लिए। पिस्टल की नोक पर धमकी दी, यहां तक कि महिलाओं को इंजेक्शन देकर बेहोश करने की कोशिश की। सीसीटीवी फुटेज और टेक्निकल एनालिसिस की मदद से पुलिस ने आरोपियों की पहचान की। पुलिस ने 10 टीमों का गठन किया और कई जिलों में दबिश देकर सभी आरोपियों को धर दबोचा।
डकैती में शामिल सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और उनके खिलाफ बीएनएस और आर्म्स एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस की इस कार्रवाई ने बदमाशों को साफ संदेश दे दिया है कि अपराध करने वालों की जगह सलाखों के पीछे ही होगी।




