छत्तीसगढ़ को मिले ऐतिहासिक रेल बजट के लिए केंद्रीय मंत्री तोखन साहू ने केंद्रीय रेल मंत्री का जताया आभार

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर: केंद्रीय बजट 2025-26 में छत्तीसगढ़ को रेलवे बुनियादी ढांचे और यात्री सुविधाओं के लिए ₹6,925 करोड़ का ऐतिहासिक बजट आवंटित किया गया है। यह 2009-14 के औसत वार्षिक बजट ₹311 करोड़ से 22 गुना अधिक है। इस महत्वपूर्ण बजट आवंटन पर केंद्रीय राज्यमंत्री श्री तोखन साहू ने रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव से भेंट कर आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर श्री साहू ने बिलासपुर संसदीय क्षेत्र में रेलवे सुविधाओं को लेकर कई महत्वपूर्ण मांगें भी रखीं, जिनमें प्रमुख रूप से नए अंडरब्रिज, ओवरब्रिज निर्माण, अधूरे रेलवे प्रोजेक्ट पूरे कराने और ट्रेनों के ठहराव की मांग शामिल हैं।
मुख्य मांगें:
- भनवारटंक, सल्का-मजगांव, नवागांव और जयराम नगर में अंडरब्रिज निर्माण
- कोटा रेलवे स्टेशन से रतनपुर के लिए ओवरब्रिज
- जयराम नगर ओवरब्रिज का शीघ्र पूरा होना
- बिलासपुर-टाटानगर एक्सप्रेस और कोरबा-रायपुर हसदेव एक्सप्रेस का जयराम नगर में ठहराव
- बिल्हा स्टेशन पर सारनाथ, कुर्ला, अंबिकापुर, इंटरसिटी, लिंक और शिवनाथ एक्सप्रेस के ठहराव की बहाली
- कटघोरा-डोंगरगढ़ रेलवे लाइन का शीघ्र निर्माण कार्य प्रारंभ
श्री साहू ने कहा कि ये सभी मांगें जनता की सुविधा और क्षेत्रीय विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने रेल मंत्री से इन कार्यों को जल्द स्वीकृति देने और पूरा कराने की अपील की।




