क्यूआर कोड से लाखों की धोखाधड़ी करने वाला सेल्समैन गिरफ्तार

रायपुर। राजधानी के देवेन्द्र नगर थाना क्षेत्र में एक बड़े ऑनलाइन धोखाधड़ी मामले का खुलासा हुआ है। आरोपी दीपक यादव (31 वर्ष), जो एक दुकान में सेल्समैन के रूप में कार्यरत था, ने कुटरचित क्यूआर कोड लगाकर लाखों रुपये की ठगी की। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है।
क्या है मामला?
देवेन्द्र नगर स्थित महालक्ष्मी क्लाथ मार्केट में संचालित संस्कृति डेकोर नामक दुकान में दीपक यादव बतौर सेल्समैन काम कर रहा था। दुकान के मालिक जितेश पटेल और उनके पार्टनर कुशल पटेल ने बैंक से आधिकारिक क्यूआर कोड लिया था, जिसके जरिए ग्राहक भुगतान करते थे। लेकिन दीपक यादव ने चालाकी से असली क्यूआर कोड की जगह अपना फर्जी क्यूआर कोड लगा दिया।
इतना ही नहीं, वह ग्राहकों को अपने फोन-पे क्यूआर कोड भेजता था और उसमें फर्म का नाम लिखकर गुमराह करता था। कुछ ग्राहकों को च्वाइस सेंटर के क्यूआर कोड देकर भी पैसे मंगवाए। इस तरह जुलाई 2022 से जनवरी 2025 के बीच आरोपी ने ऑनलाइन और नगद मिलाकर कुल ₹1,07,000/- की ठगी की।
धोखाधड़ी का खुलासा कैसे हुआ?
कई ग्राहकों ने समय पर भुगतान करने के बावजूद ऑर्डर नहीं मिलने की शिकायत की, जिसके बाद दुकान मालिक ने जनवरी 2025 में ग्राहकों से सीधे पैसे की मांग की। तब पता चला कि कई लोगों ने या तो नगद या फिर दीपक यादव के क्यूआर कोड पर पैसे ट्रांसफर किए हैं।
गिरफ्तारी और पुलिस कार्रवाई
प्रार्थी द्वारा शिकायत दर्ज कराने पर थाना देवेन्द्र नगर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस ने दीपक यादव की तलाश की और उसे धरदबोचा। पूछताछ में उसने अपने अपराध को स्वीकार किया।
पुलिस ने उसके कब्जे से फर्जी क्यूआर कोड जब्त कर लिया है और आगे की जांच जारी है। आरोपी के खिलाफ धारा 316(4) और 318(4) बी.एन.एस. के तहत मामला दर्ज किया गया है।
गिरफ्तार आरोपी:
- नाम: दीपक यादव
- पिता का नाम: जगतराम यादव
- उम्र: 31 वर्ष
- पता: मकान नंबर 40/11, संजय नगर, थाना टिकरापारा, रायपुर
(रायपुर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि ऑनलाइन भुगतान करते समय क्यूआर कोड की सत्यता अवश्य जांच लें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।)




