देश

महाकुंभ से लौट रहे श्रद्धालुओं की बस-कार में हुई टक्कर, 3 की मौत

उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में महाकुंभ से स्नान करके कार से लौट रहे 3 श्रद्धालुओं की सड़क हादसे में मौत हो गई। रिपोर्ट्स के मुताबिक, जिले के मुंगराबादशाहपुर क्षेत्र में गुरुवार को तड़के प्रयागराज महाकुंभ से स्नान करके वापस लौट रहे श्रद्धालुओं की कार और एक रोडवेज बस के बीच आमने-सामने की टक्कर होने से 2 महिलाओं समेत तीन लोगों की मौत हो गई। इस घटना में कार में सवार तीन अन्य लोगों के गंभीर रूप से घायल होने की भी खबर है।

Advertisement


पुलिस अधीक्षक डॉक्टर कौस्तुभ ने बताया कि महराजगंज जिले के समदेऊआ थाना क्षेत्र में स्थित धनहानायक गांव के निवासी 45 वर्षीय संजय सिंह, उनकी पत्नी 43 वर्षीय विद्यावती, 52 वर्षीय महेश तिवारी, उनकी पत्नी 47 वर्षीय किरण देवी, गोरखपुर जिले के खोरावर गांव निवासी 40 वर्षीय बिंदु सिंह और गोरखपुर की ही झगहा गांव निवासी 50 वर्षीय विमला देवी प्रयागराज महाकुंभ में स्नान कर कार से अपने घर लौट रहे थे।

Advertisement


एसपी ने बताया कि उनकी कार जौनपुर-रायबरेली हाइवे पर सतहरिया पुलिस चौकी के पास पहुंची, तभी सामने से तेज गति से आ रही एक रोडवेज बस से उसकी टक्कर हो गई। भिड़ंत इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। मौके पर पहुंची चौकी पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से कार में सवार लोगों को बाहर निकाला। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस घटना में संजय सिंह, बिंदु सिंह और विमला देवी की मौके पर ही मौत हो गई।

Related Articles

Back to top button