देश

गेमिंग जोन में लगी भीषण आग, बच्चों समेत 20 की मौत ..

गुजरात के राजकोट में शनिवार दोपहर एक गेमिंग जोन में भीषण आग लगने से 20 लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए। मृतकों की संख्या और भी बढ़ने की आशंका है। मृतकों में बच्चे भी शामिल हैं। घटनास्थल पर फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां भेजी गई हैं और कई घंटों बाद आग पर काबू पा लिया गया। घटना को लेकर मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने प्रशासन को बचाव व राहत कार्य करने व घायलों के इलाज की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं।

Advertisement

घटना की जानकारी देते हुए राजकोट के पुलिस आयुक्त राजू भार्गव ने बताया कि, ‘दोपहर में TRP गेमिंग जोन में आग लग गई थी। बचाव कार्य जारी है। आग पर काबू पा लिया गया है। हम शव निकालने की कोशिश कर रहे हैं। अब तक, लगभग 20 शव बरामद किए गए हैं। गेमिंग जोन के मालिक का नाम युवराज सिंह सोलंकी है। हम लापरवाही से हुई मौतों के लिए मामला दर्ज करेंगे। आगे की जांच बचाव अभियान पूरा होने के बाद होगी।’

Advertisement

CM ने दिए राहत व बचाव कार्य के निर्देश

इस घटना के बाद राज्य के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने एक ट्वीट करते हुए लिखा, ‘राजकोट में गेमिंग जोन में लगी आग की घटना में नगर निगम और प्रशासन को तत्काल बचाव और राहत कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही प्राथमिकता के आधार पर घायलों के तत्काल इलाज की व्यवस्था करने का निर्देश भी दिया है।’

बंद किए गए शहर के सभी गेमिंग जोन

पुलिस के अनुसार एकबार आग पर काबू पाने और कूलिंग ऑपरेशन चलाए जाने के बाद हताहतों की संख्या (यदि कोई होगी तो) की जानकारी मिल सकेगी। उन्होंने कहा, ‘आग पर काबू पाने के बाद ही हम ज़ोन के अंदर हताहतों की सही संख्या का पता लगाने में सक्षम होंगे। हम आग के कारण की भी जांच करेंगे। फिलहाल शहर के सभी गेमिंग ज़ोन को बंद करने के लिए एक निर्देश भी जारी किया गया है।’

कई लोगों के मरने की आशंका

बचाव कार्य में लगे फायर स्टेशन अधिकारी आरए जोबन ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि, ‘हम फिलहाल सटीक संख्या के बारे में कुछ नहीं कह सकते… हम दोनों तरफ से शव नीचे ला रहे हैं… तलाशी अभियान जारी है…।’

आग बुझाने में आ रही दिक्कतें

उधर आग बुझाने वाली फायर फाइटर टीम के एक अन्य सदस्य आईवी खेर ने कहा कि, ‘हमें सिर्फ गेमिंग जोन में आग लगने की सूचना मिली थी, जिसके बाद हम घटनास्थाल पर फायरब्रिगेड भेज करके आग को बुझाने की कोशिश कर रहे हैं। आग लगने की वजह का पता अभी तक नहीं चला है। साथ ही हमें किसी भी लापता व्यक्ति के बारे में किसी तरह की कोई जानकारी नहीं मिली है। हम फिलहाल सिर्फ आग बुझाने की कोशिश कर रहे हैं। गेमिंग जोन की अस्थायी संरचना ढहने और हवा की तेज गति के कारण आग बुझाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।’

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button