देश

केस दर्ज होगा, गिरफ्तार करेंगे…राहुल गांधी की यात्रा पर सियासी बवाल..

(शशि कोंन्हेर) : भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ के असम में प्रवेश करने के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने गुरुवार को दावा किया कि देश में शायद सबसे भ्रष्ट सरकार और सबसे भ्रष्ट मुख्यमंत्री इस राज्य में है। यात्रा के नगालैंड से असम में प्रवेश करने के बाद राहुल ने शिवसागर जिले में लोगों को संबोधित करते हुए सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की आलोचना की और कहा कि वे नफरत फैला रहे हैं.

Advertisement

और जनता का पैसा लूट रहे हैं। राहुल गांधी के इस बयान के बाद सियासी बवाल मच गया है। अब राज्य के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने गुरुवार को कहा कि यदि राहुल गांधी गुवाहाटी शहर के अंदर प्रवेश करेंगे तो उन्हें गिरफ्तार भी किया जाएगा।

Advertisement

सरमा ने दिया राहुल गांधी को चैलेंज
गुरुवार को मीडिया से बातचीत के दौरान असम के मुख्यमंत्री ने कहा, “हमने कहा है कि गुवाहाटी शहर के अंदर से नहीं जाना है। यहां मेडिकल कॉलेज है, नर्सिंग होम है। जो भी वैकल्पिक रास्ता मांगा जाएगा उसकी अनुमति दे दी जाएगी लेकिन अगर शहर के अंदर से जाने की जिद्द की जाएगी तो हम पुलिस की व्यवस्था नहीं करेंगे। मैं केस दर्ज कर लूंगा और चुनाव के बाद गिरफ्तार करूंगा। अभी कुछ नहीं करूंगा।” असम के मुख्यमंत्री ने राहुल गांधी की न्याय यात्रा को मियां यात्रा बताया। हिमंत बिस्व सरमा ने आगे कहा, “यह न्याय यात्रा नहीं बल्कि मियां यात्रा है। जहां जहां मुस्लिम हैं वहां वहां उनकी ये यात्रा कर रहे हैं।”

राहुल गांधी का असम के मुख्यमंत्री पर निशाना
गुरुवार को ही कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा, ”शायद, भारत में सबसे भ्रष्ट सरकार असम में है। आप जानते हैं कि यहां क्या हो रहा है। हम भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान असम के मुद्दों को उठाएंगे।” दोपहर में, राहुल ने जोरहाट जिले के नाकाचारी के देबेरेरापार में एक नुक्कड़ सभा को संबोधित किया और आरोप लगाया कि आदिवासियों, चाय बागान के श्रमिकों और असम के अन्य मूल निवासियों के खिलाफ भाजपा नीत सरकार कई अन्याय कर रही है। उन्होंने कहा, ”असम में भ्रष्टाचार धड़ल्ले से हो रहा है। हम सब जानते हैं कि भारत में सबसे भ्रष्ट मुख्यमंत्री शायद असम के मुख्यमंत्री हैं।”

सरमा का पलटवार
राहुल गांधी के इस बयान पर पलटवार करते हुए सरमा ने कहा, “मेरे हिसाब से तो देश का सबसे भ्रष्ट परिवार ये गांधी परिवार है। ये देश में बोफोर्स से लेकर भोपाल गैस कांड के आरोपी को भगाने तक। सबसे भ्रष्ट परिवार गांधी परिवार ही है। ये भ्रष्ट नहीं डुप्लीकेट भी है। उनका तो फैमिली नाम गांधी है ही नहीं। अपना डुप्लीकेट नाम लेकर घूम रहा है।”

वहीं जोरहाट शहर में अपने तीसरे संबोधन के दौरान राहुल ने आरोप लगाया कि असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा का पूरा परिवार भ्रष्टाचार में लिप्त है। उन्होंने कहा, ”उनकी संतान, वह खुद और उनकी पत्नी–सभी किसी ना किसी भ्रष्टाचार में लिप्त हैं। उन्हें लगता है कि पैसा असम के लोगों को खरीद सकता है क्योंकि वे खरीदे जा सकते हैं। लेकिन असमी लोग खरीदे नहीं जा सकते और उनकी कीमत कोई नहीं लगा सकता।” इस बयानबाजी के बाद ऐसा लग रहा है असम में दोनों सियासी नेताओं की जुबानी जंग दोनों पार्टियों के बीच एक नया रार छेड़ चुकी है।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button