देश

पकड़ा गया 108 किलो सोना, ITBP के इतिहास की सबसे बड़ी जब्ती…..

भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) ने मंगलवार को पूर्वी लद्दाख में वास्तविक नियंत्रण रेखा (LAC) के पास एक 108 किलोग्राम सोने की छड़ें जब्त की हैं। इसकी कीमत 84 करोड़ रुपये बताई जा रही है। दो तस्करों के पास से सोने के अलावा, कुछ चीनी फूड आइटम भी बरामद हुआ है। गिरफ्तार तस्करों की पहचान तेनजिन टार्गी (40) और त्सेरिंग चंबा (69) के रूप में हुई है। दोनों न्योमा निवासी हैं।

Advertisement

आईटीबीपी के प्रवक्ता ने बताया कि मंगलवार को दोपहर करीब डेढ़ बजे उसके गश्ती दल को श्रीरापल इलाके में सीमा से महज एक किलोमीटर दूर दो संदिग्ध व्यक्ति मिले। उन्होंने बताया, “खच्चरों पर सवार दो संदिग्धों को रुकने के लिए कहा गया, लेकिन वे सीमा की ओर भागने लगे। आईटीबीपी के गश्ती दल ने उन्हें पकड़ लिया और उनके टेंट की तलाशी ली, जहां से 84 करोड़ रुपये मूल्य के एक-एक किलो के 108 सोने के बिस्कुट बरामद हुए।”

Advertisement

गश्ती दल ने दोनों संदिग्धों को हिरासत में लेकर सामान जब्त कर लिया। मामले की सूचना तुरंत वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई। टेंट से 108 किलो सोने की छड़ों के अलावा दो मोबाइल फोन, एक दूरबीन, कुछ चीनी खाद्य पदार्थ, एक टॉर्च और कई अन्य गैजेट बरामद किए गए। आईटीबीपी द्वारा अपने इतिहास में बरामद किया गया यह सोने का सबसे बड़ा जखीरा था। जब्त किया गया सोना कस्टम विभाग को सौंप दिया जाएगा। शुरुआत में तस्करों ने आईटीबीपी गश्ती दल को गुमराह करने की कोशिश की और दावा किया कि वे औषधीय पौधों के व्यापारी हैं।

Related Articles

Back to top button