छत्तीसगढ़

देश में मानसून की आहट तेज़, केरल में अगले 48 घंटे में दस्तक की संभावना…..

 

Advertisement

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर – भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, इस समय मानसून की उत्तरी सीमा 23° उत्तर अक्षांश तक पहुँच चुकी है, जो कि 95° पूर्व देशांतर से होकर गुजर रही है। इसका साफ़ मतलब है कि मानसून अब धीरे-धीरे देश की ओर बढ़ रहा है।

Advertisement

आईएमडी ने बताया है कि अगले दो दिनों के भीतर केरल में दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगमन की परिस्थितियां अनुकूल बन रही हैं। इसके साथ ही लक्षद्वीप, तमिलनाडु, कर्नाटक और दक्षिण बंगाल की खाड़ी सहित पूर्वोत्तर राज्यों में भी मानसून के आगे बढ़ने की पूरी संभावना जताई गई है।

इस वक्त दक्षिण कोंकण तट के पास पूर्व-मध्य अरब सागर पर एक निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है, जो अगले 24 घंटों में और तीव्र होकर अवदाब में बदल सकता है। इससे महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना में मौसमी गतिविधियाँ तेज हो सकती हैं।
इसके अलावा देश के विभिन्न हिस्सों में कई चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय हैं — जिनमें मध्य पाकिस्तान, दक्षिण हरियाणा, असम और उत्तर प्रदेश के ऊपर स्थित परिसंचरण शामिल हैं। इनसे स्थानीय स्तर पर बादल बनना, गरज-चमक और हल्की बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं।

आईएमडी ने यह भी बताया है कि 27 मई के आसपास पश्चिम-मध्य और उत्तरी बंगाल की खाड़ी में एक और नया निम्न दबाव क्षेत्र बनने की संभावना है, जिससे पूर्वी भारत में बारिश का दौर शुरू हो सकता है।

तो मानसून अब धीरे-धीरे भारत की ओर बढ़ रहा है और आने वाले दिनों में दक्षिण से लेकर पूर्वोत्तर तक बारिश की गतिविधियों में तेजी आ सकती है।

Related Articles

Back to top button