एमसीबी

बिजली बिलों में बढ़ोतरी को लेकर युवा कांग्रेस का हल्ला बोल, बिजली चोर गद्दी छोड़ के नारों से गूंजा बिजली कार्यालय परिसर

 

Advertisement

(रामप्रसाद गुप्ता) : मनेन्द्रगढ़। प्रदेश में लगातार बढ़ते बिजली बिलों को लेकर सोमवार को युवा कांग्रेस ने तीव्र आक्रोश जताते हुए प्रदर्शन किया। युवा कांग्रेस अध्यक्ष हफीज मेमन के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ता बिजली कार्यालय पहुंचे और मुख्य गेट पर सरकार विरोधी नारेबाज़ी की। बिजली चोर गद्दी छोड़, जनता त्रस्त, सरकार मस्त और बढ़े हुए बिल वापस लो जैसे नारों से माहौल गूंज उठा।
प्रदर्शन में जिला कांग्रेस कमेटी, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी, महिला कांग्रेस, व्यापार प्रकोष्ठ, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष, पार्षदगण, पूर्व पार्षद सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।

Advertisement

 

इस अवसर पर युवा कांग्रेस अध्यक्ष हफीज मेमन ने कहा की
भाजपा सरकार आम जनता के हितों की अनदेखी कर रही है। बिजली जैसी बुनियादी ज़रूरत को भी महंगा कर दिया गया है। गरीब, मजदूर और किसान वर्ग पहले से ही महंगाई से जूझ रहा है और अब बिजली बिलों ने उनकी कमर तोड़ दी है। पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष राजकुमार केशरवानी ने आरोप लगाया की यह सरकार जनता की जेब काटकर अपने अरबपति दोस्तों को लाभ पहुंचाने में लगी है। महंगे बिजली बिलों के कारण लोगों को रोज़मर्रा का खर्च चलाना मुश्किल हो गया है।

 

जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अशोक जायसवाल ने आक्रोश जताते हुए कहा की यदि सरकार ने शीघ्र ही बिजली दरों को कम नहीं किया और जनता को राहत नहीं दी तो कांग्रेसजन सड़क से लेकर विधानसभा तक व्यापक आंदोलन करेंगे। जनता को अब और लूट सहन नहीं होगी।जिला पंचायत सदस्य ममता सिंह ने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा की घरेलू महिलाएं सबसे ज्यादा परेशान हैं। बिजली बिल बढ़ने से घर का बजट बिगड़ गया है। रसोई से लेकर बच्चों की पढ़ाई तक हर चीज़ प्रभावित हो रही है।

 

*कांग्रेस पदाधिकारियों का ऐलान*

युवा कांग्रेस और वरिष्ठ नेताओं ने कहा कि यह प्रदर्शन केवल चेतावनी है। आने वाले दिनों में रैली, धरना और जेल भरो आंदोलन के जरिए सरकार पर दबाव बनाया जाएगा। उन्होंने साफ कहा कि जनता के हक की लड़ाई को हर कीमत पर लड़ा जाएगा।

 

*भाजपा सरकार पर किया गया हमला*

कांग्रेसी नेताओं ने कहा कि छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार आम जनता की तकलीफों को नजरअंदाज कर पूंजीपतियों को खुश करने में लगी हुई है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि बिजली कंपनियों के निजीकरण और मनमाने बिल वसूली के जरिये भाजपा सरकार आम उपभोक्ताओं को आर्थिक संकट में डाल रही है।

 

प्रदर्शन के दौरान पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष राजकुमार केसरवानी, जिला पंचायत सदस्य ममता सिंह, जिला पंचायत सदस्य प्रिया मसराम, नगरपालिका नेता प्रतिपक्ष अनिल प्रजापति, राजेश शर्मा, मनोज शर्मा, स्वप्निल सिन्हा, रंजन शर्मा, स्नेहिल शुक्ला, इमरान खान, सौरभ मिश्रा, मोती सिंह, अमित पोद्दार, युधिष्ठिर कमरों, अनिल वर्मा, मोहनी महतो, गीतिका चंदेल, रवि जैन, सौरभ जयसवाल के साथ काफी संख्या में कांग्रेसी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button