महिला गांजा तस्कर गिरफ्तार, 73 किलो गांजा और नकदी जब्त

राजधानी रायपुर के तिल्दा-नेवरा क्षेत्र से नशे के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई की खबर सामने आई है। रायपुर ग्रामीण पुलिस ने विशेष अभियान के तहत एक सक्रिय महिला गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है।रायपुर ग्रामीण पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर तिल्दा-नेवरा इलाके में नशे के खिलाफ सघन अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान सरप्राइज चेकिंग के तहत पुलिस टीम ने एक महिला के घर पर दबिश दी। तलाशी के दौरान पुलिस को भारी मात्रा में मादक पदार्थ और नकदी बरामद हुई।
पुलिस ने आरोपी महिला मधु मिश्रा के कब्जे से करीब 73 किलो गांजा, 790 नग प्रतिबंधित नशीली गोलियां, एक चाकू, मोबाइल फोन और 1 लाख 87 हजार रुपये नकद जब्त किए हैं। बरामदगी के बाद महिला को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है। रायपुर ग्रामीण पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।




