मौसम अलर्ट : गरज-चमक के साथ इन इलाकों में बारिश की संभावना….

छत्तीसगढ़ में अगले पाँच दिनों तक मौसम बरसाती रहेगा। कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश होगी, जबकि उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ स्थानों पर भारी वर्षा की संभावना है। मौसम विभाग ने इन क्षेत्रों के लिए चेतावनी जारी की है।
दक्षिण बिहार और उत्तर झारखंड के ऊपर ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना है और मानसून की द्रोणिका भटिंडा, दिल्ली, लखनऊ, पटना से होते हुए बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है। इन सिस्टम के असर से प्रदेश में मध्यम से भारी बारिश का दौर जारी रहेगा।
13 अगस्त के आसपास बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है, जिससे बारिश और तेज़ हो सकती है। पिछले 24 घंटों में कोरिया के सोनहत में 7 सेंटीमीटर, लोरमी में 5, पेंड्रा में 4, बैकुंठपुर, पिपरिया और राजनांदगांव में 3-3 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई।
बिलासपुर-रायपुर में 10 अगस्त को आसमान मेघमय रहेगा और एक-दो बार गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। अधिकतम तापमान 33 और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।




