मौसम अलर्ट : इन क्षेत्रों में भारी बारिश की संभावना….

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर रफ्तार पकड़ चुका है… और इसका असर अब साफ तौर पर दिखाई दे रहा है। बंगाल की खाड़ी से उठी मौसमीय हलचल अब प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश का कारण बन रही है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग संभागों के लिए भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
गंगीय पश्चिम बंगाल और उसके आसपास के हिस्सों में एक निम्न दबाव का क्षेत्र सक्रिय है, जो 7.6 किलोमीटर ऊँचाई तक चक्रीय चक्रवात के रूप में फैला है। मौसम विभाग के अनुसार यह सिस्टम अब धीरे-धीरे झारखंड होते हुए उत्तरी छत्तीसगढ़ की ओर बढ़ रहा है।”
इस सिस्टम के साथ ही मानसून द्रोणिका रेखा अब भटिंडा, मेरठ, लखनऊ, डाल्टनगंज होते हुए बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है। जबकि एक अन्य द्रोणिका रेखा पूर्वोत्तर अरब सागर से लेकर दक्षिण गुजरात, विदर्भ, छत्तीसगढ़ और ओडिशा तक बनी हुई है।
अब बात करते हैं छत्तीसगढ़ के हालात की – पिछले 24 घंटों में मध्य छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में भारी बारिश दर्ज की गई है। सबसे ज्यादा वर्षा 11 सेंटीमीटर छुरिया और राजिम में हुई है। वहीं अंबिकापुर में अधिकतम तापमान 32.2°C और राजनांदगांव में न्यूनतम तापमान 19.2°C रिकॉर्ड किया गया।
बारिश का आँकड़ा
शीर्ष वर्षा वाले क्षेत्र (सेमी में):
• छुरिया, राजिम – 11
• मालखरौदा – 10
• औंधी, मोहला, अंबागढ़ चौकी – 9
• रायपुर, दुर्ग, डौंडी – 8
• कटघोरा, बिलासपुर – 7
मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के लिए बिलासपुर, दुर्ग और रायपुर संभाग के जिलों में एक-दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी है। साथ ही गरज चमक के साथ तेज़ बौछारें भी देखने को मिल सकती हैं।तो कुल मिलाकर आने वाले दो दिन छत्तीसगढ़ के लिए बारिश भरे रहने वाले हैं। लोगों से अपील है कि निचले इलाकों में सावधानी बरतें, अनावश्यक यात्रा से बचें और मौसम विभाग की चेतावनियों पर नजर बनाए रखें।




