गैस सिलेंडर मुद्दे पर विधानसभा में हंगामा, स्थगन नामंजूर होने पर विपक्षी विधायक निलंबित

छत्तीसगढ़ विधानसभा में गैस सिलेंडर की किल्लत के मुद्दे पर जोरदार हंगामा देखने को मिला। स्थगन प्रस्ताव को लेकर पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक हुई, जिसके बाद सदन में नारेबाजी शुरू हो गई।
दरअसल नेता प्रतिपक्ष ने गैस सिलेंडर की कमी और महंगाई के मुद्दे पर स्थगन प्रस्ताव के जरिए चर्चा की मांग की। इस पर भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने आपत्ति जताते हुए कहा कि गैस सिलेंडर और महंगाई केंद्र का विषय है, इसलिए इस पर सदन में चर्चा नहीं हो सकती। इसके बाद सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस शुरू हो गई।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि प्रदेश में लोग गैस सिलेंडर नहीं मिलने से परेशान हैं और कई रेस्टोरेंट तक बंद होने की स्थिति में हैं। उन्होंने कहा कि यदि गैस सिलेंडर ही नहीं मिलेगा तो लोगों के घरों में खाना कैसे बनेगा, इसलिए इस मुद्दे पर सदन में चर्चा जरूरी है।
हालांकि आसंदी ने विपक्ष के स्थगन प्रस्ताव को अग्राह्य कर दिया। इसके बाद विपक्षी विधायकों ने सदन में जोरदार हंगामा और नारेबाजी शुरू कर दी। विपक्ष के कई विधायक गर्भगृह में पहुंच गए, जिसके चलते उन्हें स्वतः निलंबित कर दिया गया और बाद में सभी विधायक सदन से बाहर निकल गए।




