
(प्रदीप भोई) : बिलासपुर के कानन पेंडारी जू से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां बाघिन नंदी ने एक कर्मचारी पर हमला कर दिया। यह घटना तब हुई जब कर्मचारी मोनिटरिंग के लिए गया था।
यह घटना शनिवार शाम करीब 7 बजे की है। 31 वर्षीय आशीष कौशिक, जो गनियारी के रहने वाले हैं और पिछले 11 वर्षों से कानन पेंडारी में डेली वेज कर्मचारी के रूप में कार्यरत हैं, रोज की तरह बाघिन नंदी को भोजन देने पहुंचे थे।
बाघिन नंदी, जो पहले रेस्क्यू सेंटर में थी और फिलहाल कोरेंटाइन में रखी गई है, उस समय दिखाई नहीं दे रही थी। आशीष ने ताले पर हाथ मारा और आवाज लगाई, तभी झाड़ियों में छिपी नंदी ने अचानक हमला कर दिया और उनके बाएं हाथ को बुरी तरह जख्मी कर दिया।
आशीष ने बड़ी मशक्कत के बाद खुद को छुड़ाया और किसी तरह अपनी जान बचाई। घटना के तुरंत बाद उन्हें सिम्स अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। फिलहाल, डॉक्टरों के मुताबिक आशीष की हालत स्थिर बनी हुई है। वहीं, कानन पेंडारी प्रशासन इस पूरे मामले की जांच कर रहा है कि आखिर हमला कैसे हुआ और आगे ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए क्या कदम उठाए जाएंगे।




