ट्रंप के टैरिफ फैसले से बाजार में बहार, सेंसेक्स-निफ्टी में रिकॉर्ड तोड़ शुरुआत

डोनाल्ड ट्रंप द्वारा भारत पर लगाए गए टैरिफ को घटाकर 18 प्रतिशत करने के ऐलान के बाद भारतीय शेयर बाजार में जबरदस्त तेजी देखने को मिली। भारत-अमेरिका के बीच नई ट्रेड डील की घोषणा से निवेशकों का भरोसा मजबूत हुआ और मंगलवार को घरेलू बाजार ने शानदार शुरुआत की। बीएसई का सेंसेक्स 3656.74 अंकों यानी 4.48 प्रतिशत की उछाल के साथ 85,323.20 पर खुला, जबकि एनएसई का निफ्टी 50 इंडेक्स 1219.65 अंकों यानी 4.86 प्रतिशत की तेजी के साथ 26,308.05 के स्तर पर पहुंच गया।
इस जोरदार तेजी की खास बात यह रही कि सेंसेक्स की सभी 30 और निफ्टी 50 की सभी 50 कंपनियों के शेयर हरे निशान में खुले। सेंसेक्स में अडाणी पोर्ट्स सबसे ज्यादा 7.16 प्रतिशत की बढ़त के साथ आगे रहा, वहीं एटरनल, बजाज फाइनेंस, इंफोसिस और इंडिगो जैसे दिग्गज शेयरों में भी 4 से 7 प्रतिशत तक की मजबूती दर्ज की गई। दूसरी ओर, हिंदुस्तान यूनिलीवर में सबसे कम करीब 0.70 प्रतिशत की तेजी देखने को मिली।
बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि ट्रंप के टैरिफ कट के फैसले से भारत के निर्यात और कॉरपोरेट सेक्टर को बड़ा फायदा मिल सकता है। इससे पहले 1 फरवरी को बजट वाले दिन बाजार में भारी गिरावट देखने को मिली थी, लेकिन अब यह तेजी निवेशकों के लिए राहत और सकारात्मक संकेत मानी जा रही है। आने वाले दिनों में ट्रेड डील के असर से बाजार में मजबूती बने रहने की उम्मीद जताई जा रही है।




