नापतौल दफ्तर और घर को चोरों ने बनाया निशाना, नकदी-जेवरात लेकर हुए फरार

गरियाबंद में देर रात चोरों ने कहर बरपाया है। जिला मुख्यालय के पास स्थित ग्राम कोकड़ी में दो अलग-अलग स्थानों पर ताले तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया है, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया है।
पहली घटना में चोर नापतौल विभाग के कार्यालय में दाखिल हुए। चोरी की नीयत से अंदर घुसने के बाद जब उन्हें वहां सिर्फ शासकीय कागजात ही मिले, तो वे खाली हाथ लौट गए। लेकिन इसके बाद पास ही स्थित एक मकान को अपना निशाना बनाया।
इस मकान में घुसते ही चोरों ने अलमारी को तोड़ा और उसमें रखी नकदी और जेवरात लेकर फरार हो गए। बताया जा रहा है कि चोरों ने सोने-चांदी के गहनों समेत नगद राशि की चोरी की है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई है। स्नाइपर डॉग और एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया है। मौके से सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और पुलिस आरोपियों की पहचान में जुटी हुई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है, और उम्मीद है कि जल्द ही चोरों का सुराग लगाया जा सकेगा।




