केंद्रीय कैबिनेट ने मंजूर की चार बड़ी रेल परियोजनाएं, 894 किलोमीटर नई लाइन से 18 जिलों में बढ़ेगी कनेक्टिविटी

केंद्रीय कैबिनेट ने मंगलवार को चार प्रमुख रेल परियोजनाओं को मंजूरी दी। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि इन परियोजनाओं में शामिल हैं:
वर्धा-भुसावल: तीसरी और चौथी लाइन (314 किमी, महाराष्ट्र), गोंदिया-डोंगरगढ़: चौथी लाइन (84 किमी, महाराष्ट्र-छत्तीसगढ़), वडोदरा-रतलाम: तीसरी और चौथी लाइन (259 किमी, गुजरात-मध्य प्रदेश), इटारसी-भोपाल-बीना: चौथी लाइन (237 किमी, मध्य प्रदेश)
इन परियोजनाओं की कुल लागत लगभग ₹24,634 करोड़ है और ये चार राज्यों के 18 जिलों को कवर करेंगी। मल्टी-ट्रैकिंग से ट्रेनों की गति और संचालन क्षमता में सुधार होगा, विलंब कम होगा और लगभग 3,633 गांवों की आबादी (~85.84 लाख) को बेहतर रेल कनेक्टिविटी मिलेगी।
सरकार का कहना है कि ये परियोजनाएं पीएम-गति शक्ति राष्ट्रीय मास्टर प्लान के अनुरूप हैं, जो मल्टी-मॉडल कनेक्टिविटी और लॉजिस्टिक दक्षता बढ़ाने के साथ-साथ स्थानीय आर्थिक गतिविधियों और रोजगार के अवसरों में भी योगदान देंगी।




