पेंड्रा में मां महाकाली का भव्य आगमन, शोभायात्रा में उमड़ा जनसैलाब और गूंजे जयकारे

(शैलेश सोनी) : पेंड्रा। जगतजननी महाकाली शीतला समिति, पेंड्रा की ओर से मंगलवार को मां काली की भव्य आगमन शोभायात्रा का आयोजन किया गया। गौरेला से निकली शोभायात्रा नगर भ्रमण करते हुए जैसे ही महारानी पंडाल पहुंची, पूरा शहर जयकारों से गूंज उठा।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ दर्शन को उमड़ी और पूरा मार्ग आकर्षक रोशनी से जगमगा उठा। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ का बिगेस्ट झंकार धुमाल, एलोन डीजे की आकर्षक लाइटिंग, गंगा आरती और शानदार आतिशबाज़ी रथ मुख्य आकर्षण रहे।
समिति के सदस्यों ने बताया कि इस वर्ष समिति की 10वीं वर्षगांठ पर विशेष भव्य पंडाल सजाया गया है, जो लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। जगह-जगह भक्तों ने मां काली का स्वागत किया और पूरे नगर का वातावरण भक्ति और आस्था से सराबोर रहा।
महाआरती और जयकारों के बीच मां महाकाली को पंडाल में विराजमान किया गया। जगतजननी महाकाली शीतला सेवा समिति ने भक्तों का आभार व्यक्त किया।




