तीसरे दिन मिला लापता युवक का शव, पिकनिक मनाने गए जीजा-साला की डूबने से हुई मौत….

(धीरेंद्र मेहता) : बिलासपुर – बिल्हा थाना क्षेत्र के अंतर्गत शिवनाथ नदी के उड़नताल एनीकट में हुए दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया है। शनिवार को पिकनिक मनाने गए दो युवकों की नदी में डूबने से मौत हो गई। तीन दिन से जारी खोजबीन के बाद आखिरकार लापता युवक का शव बरामद कर लिया गया।
जानकारी के अनुसार, बिल्हा निवासी संतोष राम जो रेलवे में कर्मचारी था, शनिवार को अपने परिवार के साथ पिकनिक मनाने शिवनाथ नदी किनारे पहुंचा था। दोपहर करीब तीन बजे संतोष नहाने के लिए एनीकट में उतरा, तभी तेज बहाव में उसका पैर फिसल गया और वह पानी में बह गया। उसे डूबता देख उसका साला अनुज भी बचाने के लिए नदी में कूद पड़ा, लेकिन दोनों ही गहराई में समा गए।
घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने काफी खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। सूचना मिलने पर बिल्हा पुलिस और SDRF टीम ने मोर्चा संभालते हुए रेस्क्यू अभियान शुरू किया। दोनों की मौत से परिवार और इलाके में मातम का माहौल है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।




