पेड़ पर लटकी मिली ट्रैफिक जवान की लाश…..

कोंडागांव जिले में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक ट्रैफिक पुलिस जवान की लाश उसके सरकारी आवास परिसर में पेड़ से लटकी हुई मिली। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक जवान की पहचान विकास पांडे के रूप में हुई है, जो 2019 से कोंडागांव में तैनात था। प्रारंभिक जांच में यह मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। जानकारी के मुताबिक, यह घटना देर रात की है, जब विकास पांडे अपने सरकारी आवास में अकेले थे। उनकी पत्नी और बेटा उस समय अपने गृह ग्राम गए हुए थे।
बताया जा रहा है कि जवान ने अपने ही शर्ट का फंदा बनाकर आवास परिसर में लगे आम के पेड़ पर फांसी लगा ली। सुबह जब यह दृश्य सामने आया, तो आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया।घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पेड़ से उतारा और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही, मर्ग कायम कर मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि विकास पांडे ने यह कदम क्यों उठाया। पुलिस विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है ताकि आत्महत्या के पीछे की वजह का पता लगाया जा सके।




