युवक की संदिग्ध मौत, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका….!

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर – मंगला के धुरिपारा निवासी युवक सुनील पटेल की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने इसे हत्या का मामला बताया है और कई लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। वही पुलिस इस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
मंगला के धुरिपारा इलाके में रहने वाले सुनील पटेल की संदिग्ध मौत ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। परिवार के अनुसार, यह घटना 10 जुलाई सुबह करीब साढ़े आठ बजे हुई, जब कुछ लोग उसे काम पर लेकर गए, जहाँ सीढ़ीयों से गिरने पर वह घायल हो गया, परिजनों का आरोप है कि पहले उसे कुछ खिलाया-पिलाया गया और बाद में मारपीट की गई। मृतक के भाई ने बताया कि सुनील को गंभीर हालत में हॉस्पिटल ले जाया गया, लेकिन परिजनों को करीब दो घंटे बाद सूचना दी गई। अस्पताल पहुंचे तो सुनील कोमा में था, उसके सिर पर चोट के गंभीर निशान थे। परिवार को शक है कि उसके साथ पूर्व नियोजित तरीके से हिंसात्मक हत्या कर दी गई। पूर्व पार्षद श्याम पटेल ने भी घटना पर सवाल उठाया है। उन्होंने कहा कि सुनील को हॉस्पिटल में देखा था, तब वह होश में नहीं था। बाद में पता चला कि उसकी मौत हो गई। पुलिस ने अभी तक न तो एफआईआर दर्ज किया है, न पोस्टमार्टम की स्थिति साफ की है।
वहीं, सिविल लाइन थाना प्रभारी ने बताया कि सुनील, सेवानिवृत शिक्षक एन जी लकड़ा के यहां घरेलू काम करता था। घटना के दिन भी वो काम करने गया था। पंचनामा की कार्रवाई की जा रही है और सभी बिंदुओं पर जांच की बात कही गई है। पूर्व शिक्षक ने अपने ऊपर लगे मारपीट और हत्या के आरोप के बाद थाने पहुँचकर बयान दर्ज कराया और स्थिति की जानकारी दी है।
क्या सुनील की मौत हादसा है या फिर हत्या? यह जांच का विषय है… लेकिन परिजनों के आरोप बेहद गंभीर हैं। सवाल यह भी है कि क्या पुलिस इस मामले में निष्पक्ष कार्रवाई करेगी? क्या दोषियों को सजा मिलेगी? पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस तहकीकात से यह साफ हो जाएगा।




