जंगल में अज्ञात युवक की खून से सनी लाश मिलने से फैली सनसनी, हत्या की आशंका….

(आशीष मौर्य) : बिलासपुर – पचपेड़ी थाना क्षेत्र के चिल्हाटी जंगल में रविवार सुबह एक अज्ञात युवक की खून से लथपथ लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक युवक की उम्र लगभग 20 वर्ष बताई जा रही है, जिसकी लाश औंधे मुंह पड़ी हुई थी। यह शव सबसे पहले एक मवेशी चरवाहे ने देखा और तुरंत अन्य ग्रामीणों को सूचित किया, जिन्होंने इसके बाद पुलिस को जानकारी दी।
मौके पर पहुंची पचपेड़ी पुलिस ने शव की पहचान करने के प्रयास शुरू कर दिए हैं। घटना की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वाड और फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक की हत्या पत्थर से कुचलकर की गई हो सकती है, क्योंकि घटनास्थल पर खून के धब्बे जगह-जगह दिखाई दे रहे हैं।
मृतक के पास से एक बाइक (CG 04 HN 9264) भी बरामद हुई है, जो संभवतः मृतक की हो सकती है। पुलिस ने बाइक के आधार पर आगे की जांच शुरू कर दी है और अपने उच्च अधिकारियों को घटना की जानकारी दी है।




