
कोरबा जिले के कटघोरा में नवपदस्थ SDM तन्मय खन्ना ने पदभार ग्रहण करते ही भ्रष्टाचार के खिलाफ कड़ा रुख अख्तियार किया है। उन्होंने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि अब किसी भी सरकारी कामकाज में अधिकारी-कर्मचारी द्वारा घूस की मांग बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके लिए SDM ने आम जनता से सीधे जुड़ने का कदम उठाया है।
उन्होंने सूचना जारी कर कहा है कि यदि किसी भी विभाग का कर्मचारी या अधिकारी रिश्वत की मांग करता है तो नागरिक सीधे उनके कार्यालय आकर या फिर उनके व्यक्तिगत मोबाइल नंबर पर संपर्क कर शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
2023 बैच के IAS तन्मय खन्ना के इस फैसले को आम जनता के लिए राहत की पहल माना जा रहा है। लोगों का कहना है कि इससे सरकारी दफ्तरों में बढ़ते भ्रष्ट्राचार पर लगाम लगेगी और बिना परेशानी काम हो सकेंगे।
SDM खन्ना ने साफ किया है कि शिकायत पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी और दोषी पाए जाने वाले कर्मचारियों पर सख्त से सख्त कदम उठाए जाएंगे। यह कदम कटघोरा प्रशासन में पारदर्शिता और सुशासन की दिशा में बड़ा बदलाव माना जा रहा है।




