सक्ती वेदांता प्लांट ब्लास्ट: 20 की मौत, चेतावनी के बावजूद चलता रहा काम, प्रबंधन पर केस दर्ज

सक्ती जिले में हुए वेदांता प्लांट हादसे को लेकर बड़ी अपडेट सामने आई है। हादसे में मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 20 हो गया है, जबकि कई लोग अब भी जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं।
सक्ती जिले के वेदांता प्लांट में हुए इस भीषण हादसे में अब तक 20 लोगों की मौत हो चुकी है। मृतकों में 4 छत्तीसगढ़ के रहने वाले हैं, जबकि अन्य यूपी, बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल के बताए जा रहे हैं। हादसे में कुल 36 लोग झुलसे थे, जिनमें से 16 घायलों का इलाज अलग-अलग अस्पतालों में जारी है।मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए प्लांट प्रबंधन के खिलाफ FIR दर्ज की है। एसपी प्रफुल्ल ठाकुर के मुताबिक, 8 से 10 लोगों को आरोपी बनाया गया है, जिनमें कंपनी के चेयरमैन अनिल अग्रवाल और प्लांट हेड देवेंद्र पटेल का नाम भी शामिल है।
घटना के 24 घंटे बाद औद्योगिक सुरक्षा विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। शुरुआती जांच में प्लांट प्रबंधन की गंभीर लापरवाही सामने आई है। बताया जा रहा है कि उत्पादन बढ़ाने की जल्दबाजी में बॉयलर फट गया, जिससे यह बड़ा हादसा हुआ।जांच में यह भी सामने आया है कि चेतावनी के बावजूद काम नहीं रोका गया और सिस्टम में खराबी के बावजूद संचालन जारी रखा गया। इसी आधार पर पुलिस ने केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है और जिम्मेदारों पर कड़ी कार्रवाई की बात कही जा रही है।




