छत्तीसगढ़ में बढ़ेगी ठंड, कई ज़िलों में शीतलहर की चेतावनी जारी….

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : प्रदेश में अब ठंड ने दस्तक दे दी है। मौसम विभाग ने कई ज़िलों में शीतलहर चलने की चेतावनी जारी की है। तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। दिन में हल्की धूप तो है, लेकिन रात में ठंड अपना असर दिखाने लगी है।
छत्तीसगढ़ में मौसम ने करवट ले ली है। पिछले 24 घंटे में तापमान में एक से दो डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है।बिलासपुर में सोमवार को न्यूनतम तापमान घटकर 12.6 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जबकि अंबिकापुर प्रदेश का सबसे ठंडा शहर रहा, जहाँ न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन में धूप तो निकल रही है, लेकिन रात के समय सर्द हवाएं असर दिखा रही हैं। मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश के उत्तरी और मध्य हिस्सों में आने वाले दिनों में शीतलहर चलने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले 48 घंटों में आसमान पूरी तरह साफ रहेगा, और कहीं भी बारिश के आसार नहीं हैं।
हवा की दिशा अब उत्तर और उत्तर-पूर्वी हो गई है, जिससे ठंडी हवाएं लगातार प्रदेश में प्रवेश कर रही हैं।
इसी का असर है कि दुर्ग, कोरबा, कवर्धा, सरगुजा और जांजगीर जैसे जिलों में भी तापमान में गिरावट देखी जा रही है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक दिन का तापमान भले ही फिलहाल सामान्य बना हुआ है, लेकिन रात और सुबह के समय तेज़ ठंड का असर बढ़ता जाएगा। बिलासपुर में मंगलवार को अधिकतम तापमान 27.8 डिग्री और न्यूनतम 12.6 डिग्री दर्ज किया गया।
अंबिकापुर में न्यूनतम 7.6 डिग्री, जबकि रायगढ़ और पेंड्रा में 13 से 14 डिग्री के बीच तापमान रहा।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में अगले कुछ दिनों में हल्की शीतलहर चल सकती है। तो साफ है, अब ठंड की शुरुआत हो चुकी है। मौसम विभाग ने लोगों को सुबह-शाम बाहर निकलते समय गर्म कपड़े पहनने की सलाह दी है। आने वाले दिनों में ठंड का असर और बढ़ेगा, ऐसे में एहतियात बरतना बेहद ज़रूरी होगा।




