रेलवे के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी टीएस प्रकाश राव ने फिर बढ़ाया छत्तीसगढ़ का मान, शिष्यों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जीता स्वर्ण

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : छत्तीसगढ़ के अंतरराष्ट्रीय बास्केटबॉल खिलाड़ी और भारतीय टीम के पूर्व कप्तान टी.एस. प्रकाश राव एक बार फिर चर्चा में हैं। अपनी खेल प्रतिभा के साथ-साथ उन्होंने कोचिंग के क्षेत्र में भी बड़ा योगदान दिया है। उनकी देखरेख में तैयार हुए दो खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक जीतकर देश का मान बढ़ाया है।
टी.एस. प्रकाश राव, जिन्हें वर्ष 2005 में भारतीय रेल, बिलासपुर मंडल में टिकट कलेक्टर (टीटी) के रूप में नियुक्त किया गया था, आज भी खेल जगत से उतनी ही लगन से जुड़े हुए हैं। वे नए खिलाड़ियों को प्रशिक्षित कर रहे हैं और अपनी कोचिंग के जरिए प्रतिभाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचा रहे हैं। उनकी ट्रेनिंग में तैयार हुए दो खिलाड़ी-,आलोक और आकाश – भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए भूटान में आयोजित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर देश का नाम रोशन कर चुके हैं।
प्रकाश राव अपने इस सफर का श्रेय अपने वरिष्ठ अधिकारियों को देते हैं। टिकट चेकिंग विभाग में उनके सीटीआई रवि ढाल का विशेष सहयोग उन्हें लगातार मिलता रहा है। वहीं उनके इंचार्ज और वरिष्ठ डीसीएम अनुराग सर—जो उनके खेल अधिकारी भी हैं—उनके लिए हमेशा मार्गदर्शक की भूमिका निभाते रहे हैं। रेलवे अधिकारियों के इस सहयोग से ही प्रकाश राव लगातार खिलाड़ियों को तैयार करने का काम कर पा रहे हैं।
बिलासपुर के खेल अधिकारी डीजीएम माथुर सर का भी प्रकाश राव को पूरा समर्थन मिलता रहा है। उनका कहना है कि इन अधिकारियों के प्रोत्साहन और भरोसे की बदौलत ही वे अपने खेल और करियर में नई ऊंचाइयाँ हासिल कर रहे हैं।
अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी से लेकर सफल कोच तक का सफर तय करने वाले टी.एस. प्रकाश राव अब नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा बन चुके हैं।




