छत्तीसगढ़

अंधे कत्ल का पुलिस ने किया खुलासा, दोस्त ने बेल्ट से गला घोटकर की थी हत्या, हुआ गिरफ्तार

बालोद। थाना अर्जुन्दा क्षेत्र के ग्राम अर्जुन्दा में हुए अंधे कत्ल की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। 30 नवंबर को दिवान अंडा दुकान के पास दूर्गेश देवांगन की लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई थी। सूचना पर अर्जुन्दा पुलिस, साइबर सेल, एफएसएल और डॉग स्क्वॉड की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का गहन निरीक्षण कर मर्ग दर्ज किया गया।

Advertisement

पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका ठाकुर व एसडीओपी राजेश बागड़े के पर्यवेक्षण में विशेष टीम गठित की गई। जांच में सामने आया कि मृतक दूर्गेश अपने पुराने दोस्त पवन कुमार कंवर के साथ बिरयानी सेंटर के बाहर बैठा था। शराब पिलाने की बात को लेकर दोनों में विवाद हुआ और इसी दौरान आरोपी पवन ने अपने चमड़े के बेल्ट से दूर्गेश का गला कसकर उसकी हत्या कर दी।

Advertisement
मृतक दुर्गेश

आरोपी हत्या के बाद मृतक को वहीं बैठने वाले पत्थर पर लिटाकर पास के ठिहा में जाकर सो गया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय स्रोतों से मिले इनपुट के आधार पर आरोपी की पहचान की और पूछताछ में पवन कंवर ने अपराध स्वीकार कर लिया। सबूत मिलने के बाद 03 दिसंबर को उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

अंधे कत्ल को सुलझाने में थाना प्रभारी जोगेन्द्र साहू, साइबर सेल प्रभारी धरम भूआर्य सहित कई पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

 

Related Articles

Back to top button