पुलिस ने 8.20 लाख रुपये से अधिक का गांजा जलाकर किया नष्ट….

बेमेतरा – पुलिस ने करीब 8 लाख 20 हजार रुपये मूल्य के मादक पदार्थ गांजा को आज विधिवत नष्ट कर दिया है।पुलिस मुख्यालय रायपुर के आदेश पर, दुर्ग रेंज के पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग के मार्गदर्शन और बेमेतरा एसपी रामकृष्ण साहू के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई। जिला स्तरीय औषधि निपटान समिति की मौजूदगी में, थाना सिटी कोतवाली बेमेतरा क्षेत्र के अंतर्गत बायोटेक फ्युल्स प्राइवेट लिमिटेड कंपनी पथर्रा में गांजा को जलाकर नष्ट किया गया।
कुल 26 प्रकरणों से जब्त 81 किलो 932 ग्राम गांजा को पर्यावरण विभाग की अनुमति के बाद नष्ट किया गया। इनमें कोतवाली बेमेतरा के 10 प्रकरणों से 58 किलो 641 ग्राम, खम्हरिया के 3 प्रकरणों से 3 किलो 413 ग्राम, साजा के 2 प्रकरणों से 2 किलो 923 ग्राम,परपोडी के 2 प्रकरणों से 2 किलो 098 ग्राम, बेरला के 5 प्रकरणों से 6 किलो 834 ग्राम, देवरबीजा चौकी के 2 प्रकरणों से 4 किलो 452 ग्राम और कंडरका चौकी के 2 प्रकरणों से 3 किलो 571 ग्राम गांजा शामिल है।
इस दौरान एसपी बेमेतरा रामकृष्ण साहू, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ज्योति सिंह, एसडीओपी बेरला विनय कुमार, जिला आबकारी अधिकारी डॉ. पलक नंद समेत पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।




