“ऑपरेशन मुस्कान” ने लायी चेहरों पर मुस्कान, गुम बच्चियाँ दिल्ली-हिमाचल से बरामद, आरोपी गिरफ्तार

जशपुर पुलिस की “ऑपरेशन मुस्कान” मुहिम लगातार सफलता की नई मिसालें गढ़ रही है। विगत एक सप्ताह में पुलिस ने 6 गुम नाबालिक बच्चियों को ढूंढकर सकुशल परिजनों के सुपुर्द किया है। इनमें से दो बच्चियों को प्रदेश के बाहर – दिल्ली और हिमाचल प्रदेश से लाया गया। थाना सिटी कोतवाली और चौकी दोकड़ा में दर्ज मामलों की जांच में यह खुलासा हुआ कि एक नाबालिक बच्ची को शादी का झांसा देकर आरोपी हिमाचल प्रदेश ले गया था, जबकि दूसरी बच्ची काम की तलाश में दिल्ली चली गई थी। पुलिस की तकनीकी टीम और परिजनों की मदद से लोकेशन ट्रेस कर, दोनों को सकुशल वापस लाया गया।
हिमाचल प्रदेश से बरामद की गई बच्ची को आरोपी राजेश राम यादव ने शादी का झांसा देकर भगाया था। आरोपी को गिरफ्तार कर POSCO एक्ट और BNS की धाराओं 137(2), 64(2), 87, 96 व 4, 6 के तहत मामला दर्ज कर जेल भेज दिया गया है।वहीं, दोकड़ा क्षेत्र की एक अन्य नाबालिक बच्ची दिल्ली में निर्मल छाया चिल्ड्रन होम में मिली, जिसे काम की तलाश में घर छोड़कर गई थी। बच्ची को दस्तयाब कर सकुशल परिजनों को सौंपा गया। पूछताछ में बच्ची ने बताया कि उसके साथ कोई अप्रिय घटना नहीं हुई है।
एसएसपी शशिमोहन सिंह ने बताया कि : “ऑपरेशन मुस्कान” के तहत जशपुर पुलिस गुमशुदा बच्चों को प्राथमिकता के आधार पर ढूंढ रही है। हमारी टीमों ने दिल्ली, हरियाणा व अन्य राज्यों से बच्चों को सकुशल वापस लाकर परिजनों से मिलवाया है। ये मुहिम आगे भी लगातार जारी रहेगी।
संपूर्ण कार्रवाई में थाना प्रभारी सिटी कोतवाली आशीष तिवारी, चौकी प्रभारी दोकड़ा अशोक यादव, और उनकी टीम के सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। जशपुर पुलिस की यह संवेदनशीलता और सतर्कता, न सिर्फ गुम बच्चियों को सुरक्षित घर लाने का कार्य कर रही है, बल्कि समाज में विश्वास की एक नई मिसाल भी पेश कर रही है।




