न्यू होराइज़न डेंटल कॉलेज ने सेंट जोसेफ स्कूल में लगाया दो दिवसीय डेंटल स्क्रीनिंग कैंप, 600 से अधिक विद्यार्थियों व शिक्षकों की हुई जांच.

बिलासपुर – न्यू होराइज़न डेंटल कॉलेज द्वारा सामाजिक दायित्व और जनजागरूकता की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए सेंट जोसेफ कॉवेंट इंग्लिश मीडियम स्कूल, तेलीपारा में 22 और 23 सितंबर को दो दिवसीय डेंटल स्क्रीनिंग कैंप का आयोजन किया गया। इस शिविर का आयोजन कॉलेज के अध्यक्ष श्री प्रकाश दावड़ा, सचिव श्री अशोक अग्रवाल और डीन डॉ. राणा के. वर्गीस के मार्गदर्शन में किया गया।
दो दिनों तक चले इस कैंप में विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने छात्रों, शिक्षकों और स्कूल कर्मचारियों सहित लगभग 600 लोगों की स्क्रीनिंग की। जांच के दौरान मौखिक स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं की पहचान की गई और ज़रूरी परामर्श भी दिया गया।
पब्लिक हेल्थ डेंटिस्ट्री और पेडोडोंटिक्स विभाग की डॉ. स्वाति अग्रवाल और डॉ. जयेश तिवारी ने छात्रों को सही ब्रशिंग तकनीक, आहार संबंधी परामर्श और नियमित दंत जांच के महत्व पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि छोटे-छोटे बदलाव जीवनशैली और खानपान में कर हम गंभीर दंत रोगों से बच सकते हैं।
कैंप में सक्रिय रूप से योगदान देते हुए डॉ. जागृति, डॉ. असीम, डॉ. सौम्या, डॉ. एकता, डॉ. संस्कृति और डॉ. इशानी ने छात्रों और स्टाफ की स्क्रीनिंग की और ज़रूरतमंदों को आगे के उपचार के लिए परामर्श पत्र भी दिए।
न्यू होराइज़न डेंटल कॉलेज पिछले 15 वर्षों से लगातार ऐसे स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर रहा है। अब तक कॉलेज द्वारा विभिन्न स्कूलों और संस्थानों में 300 से अधिक डेंटल कैंप आयोजित किए जा चुके हैं, जिनका उद्देश्य समाज में मौखिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाना और बच्चों को कम उम्र से ही स्वास्थ्यकर आदतों के लिए प्रेरित करना है।
कॉलेज प्रशासन ने बताया कि भविष्य में भी इस तरह के शिविरों का आयोजन जारी रहेगा ताकि अधिक से अधिक लोगों तक मौखिक स्वास्थ्य संबंधी सेवाएँ और जानकारी पहुंच सके।




