छत्तीसगढ़

मानसून की रफ्तार धीमी, लेकिन बारिश का सिलसिला जारी….अगले चार दिन मेघगर्जन और वज्रपात का अलर्ट

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : छत्तीसगढ़ में बारिश हो रही है, लेकिन मानसून अब भी अपने तय आंकड़े से पीछे चल रहा है। प्रदेश में अब तक सामान्य से 17 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश और कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात की चेतावनी जारी की है, पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अनेक हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। पेंड्रा रोड, मरवाही और चिरमिरी में सबसे अधिक 3-3 सेंटीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। वहीं मनेंद्रगढ़, ओरछा, छोटेडोंगर, पसान, साल्हेवारा सहित कई क्षेत्रों में भी अच्छी बारिश हुई।

Advertisement

हालांकि बारिश का दौर जारी है, लेकिन अब तक छत्तीसगढ़ में मौसमी वर्षा सामान्य से 17 प्रतिशत कम बनी हुई है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश और उससे लगे क्षेत्रों में सक्रिय निम्न दबाव का क्षेत्र, द्रोणिका और चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से प्रदेश में मौसम बदला हुआ है।इसी सिस्टम के कारण अगले चार दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने की संभावना है। उत्तर छत्तीसगढ़ के एक-दो स्थानों पर मेघगर्जन के साथ वज्रपात की आशंका भी जताई गई है।मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और खुले स्थानों या पेड़ों के नीचे शरण नहीं लेने की सलाह दी है।

Advertisement

प्रदेश में बुधवार को सबसे अधिक अधिकतम तापमान रायपुर में 32 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान पेंड्रा रोड में 22 डिग्री सेल्सियस रहा।रायपुर शहर में गुरुवार को दिनभर बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ बारिश होने तथा अधिकतम तापमान 31 और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।बारिश का सिलसिला भले जारी है, लेकिन मानसून की कमी अब भी बनी हुई है। ऐसे में आने वाले चार दिनों की बारिश प्रदेश की मौसमी स्थिति तय करने में महत्वपूर्ण साबित हो सकती है। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और बिजली गिरने की चेतावनी को गंभीरता से लेने की अपील की है।

Related Articles

Back to top button