छत्तीसगढ़ में फिर सक्रिय हुआ मानसून, मध्य जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर – छत्तीसगढ़ में मानसून फिर रफ्तार पकड़ चुका है। बंगाल की खाड़ी से उठे सिस्टम का असर अब साफ नजर आ रहा है। मध्य छत्तीसगढ़ के जिलों में आज भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
गंगीय पश्चिम बंगाल और उससे लगे झारखंड के ऊपर एक निम्न दाब का क्षेत्र बना हुआ है, जिसके साथ ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण 7.6 किलोमीटर तक फैला है। यह सिस्टम धीरे-धीरे पश्चिम उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है।
इसके अलावा मानसून द्रोणिका अमृतसर, चंडीगढ़, नजीबाबाद, शाहजहांपुर, कानपुर, डाल्टनगंज होते हुए बंगाल की खाड़ी तक बनी हुई है। एक अन्य द्रोणिका उत्तर पूर्व अरब सागर से होते हुए महाराष्ट्र, विदर्भ, दक्षिण छत्तीसगढ़ और ओडिशा होते हुए गंगीय पश्चिम बंगाल तक फैली है।
पिछले 24 घंटों के दौरान दुर्ग, रायपुर और बिलासपुर संभाग के कुछ जिलों में एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा दर्ज की गई। दुर्ग में सबसे अधिक 13 सेमी बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा बालोद में 12 सेमी, अहिवारा 10, मंदिर हसौद और गंडई में 9-9 सेमी वर्षा हुई। अन्य प्रमुख स्थानों पर भी 3 से 8 सेमी तक वर्षा हुई है। इससे तापमान में भी गिरावट देखी गई है।
मौसम विभाग के मुताबिक 10 जुलाई को प्रदेश के अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम वर्षा जारी रहेगी।
मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना बनी हुई है।
हालांकि, 11 जुलाई से बारिश की तीव्रता में कुछ कमी आने की उम्मीद है, लेकिन अगले 2 दिनों तक भारी वर्षा और मेघगर्जन की चेतावनी जारी रहेगी। ऐसे में मौसम को देखते हुए सतर्क रहना जरूरी है।




