छत्तीसगढ़ में फिर सक्रिय हुआ मानसून: सरगुजा और बिलासपुर संभाग में भारी बारिश का अलर्ट

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : प्रदेश में एक बार फिर मानसून सक्रिय हो रहा है। उत्तर और मध्य जिलों में अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है… सावधान रहें, खासकर सरगुजा और बिलासपुर संभाग के लोग।
दक्षिण-पश्चिम बांग्लादेश और उससे सटे गंगीय पश्चिम बंगाल के ऊपर बना हुआ निम्न दबाव का क्षेत्र अब धीरे-धीरे पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ते हुए दक्षिण-पूर्व गंगीय पश्चिम बंगाल और बांग्लादेश के ऊपर केंद्रित हो चुका है। इसके साथ ही ऊपरी हवा में चक्रवाती परिसंचरण 7.6 किलोमीटर की ऊंचाई तक विस्तारित है। इसके अगले 24 घंटों में और मजबूत होकर यह सिस्टम छत्तीसगढ़ की ओर बढ़ सकता है। मानसून द्रोणिका अब उत्तर-पूर्व राजस्थान, उत्तर-पश्चिम मध्यप्रदेश, सीधी, रांची होते हुए बांग्लादेश तक विस्तारित है, जिससे प्रदेश में वर्षा की गतिविधियां तेज हो गई हैं।
15 जुलाई के लिए प्रदेश के अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश या गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है।वहीं कुछ एक स्थानों पर अंधड़ चलने, वज्रपात और भारी वर्षा की चेतावनी भी जारी की गई है।
सबसे अधिक प्रभाव सरगुजा संभाग और उससे लगे बिलासपुर संभाग के जिलों में देखने को मिल सकता है, जहां अगले 3 दिनों तक लगातार भारी से बहुत भारी वर्षा होने की आशंका है। 16 जुलाई से 18 जुलाई तक, इन क्षेत्रों में मौसम पूरी तरह वर्षा केंद्रित बना रहेगा।शेष जिलों में भी एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना जताई गई है।
बीते 24 घंटे में प्रदेश के सरगुजा संभाग में कई स्थानों पर मध्यम से भारी वर्षा हुई है। कल और परसों यानी 15 और 16 जुलाई को अति भारी वर्षा, वज्रपात, और मेघगर्जन की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने अलर्ट मोड पर रहने की सलाह दी है। ग्रामीण और पर्वतीय क्षेत्रों के लोग सतर्क रहें। नदी-नालों के आसपास जाने से बचें।




