छत्तीसगढ़ में फिर सक्रिय हुआ मानसून, बारिश और वज्रपात का अलर्ट

(भूपेंद्र सिंह राठौर) :छत्तीसगढ़ में एक बार फिर मानसून सक्रिय होता नजर आ रहा है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक मध्यम वर्षा और वज्रपात की चेतावनी जारी की है। आगामी 7, 8 और 9 अगस्त को गरज-चमक के साथ बारिश की गतिविधि तेज़ होने की संभावना जताई गई है।
प्रदेश में मानसून की द्रोणिका औसत समुद्र तल पर फिरोजपुर, करनाल, मुरादाबाद, खेड़ी, जलपाईगुड़ी होते हुए अरुणाचल प्रदेश और हिमालय की तराई से होकर गुजर रही है। वहीं एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण बांग्लादेश के मध्य हिस्से में 5.8 से 7.6 किलोमीटर ऊंचाई तक बना हुआ है।एक अन्य द्रोणिका उत्तर पश्चिम बिहार से दक्षिण-पूर्व बांग्लादेश तक फैली हुई है, जो 3.1 से 4.5 किलोमीटर की ऊँचाई तक सक्रिय है।इन सिस्टम्स के असर से प्रदेश में कल यानी 7 अगस्त को कई जगहों पर हल्की से मध्यम वर्षा या गरज-चमक के साथ छींटे पड़ सकते हैं।
कुछ स्थानों पर वज्रपात की भी संभावना है। वहीं 8 और 9 अगस्त को प्रदेश में व्यापक बारिश और मेघगर्जन की गतिविधियों में तेज़ी आएगी। पिछले 24 घंटों में बस्तर संभाग में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा हुई।शेष प्रदेश में एक-दो स्थानों पर ही बारिश रिकॉर्ड की गई।7 अगस्त से 9 अगस्त तक प्रदेश में कई स्थानों पर वज्रपात और गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है। लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।




