छत्तीसगढ़ में मानसून सक्रिय, कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। बंगाल की खाड़ी और ओडिशा तट पर बने निम्न दबाव क्षेत्र और चक्रीय चक्रवातीय परिसंचरण के असर से प्रदेश में लगातार बारिश हो रही है।
मौसम विज्ञान केंद्र रायपुर के अनुसार बीते 24 घंटों के दौरान बिलासपुर, सरगुजा, रायपुर और बस्तर संभागों के कई हिस्सों में हल्की से भारी बारिश दर्ज की गई। दुर्ग का अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस और राजनांदगांव का न्यूनतम तापमान 20.5 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम विभाग ने राजनांदगांव, महासमुंद, रायपुर, बलौदा बाजार, जांजगीर-बांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गरियाबंद, पेंड्रा मरवाही, बेमेतरा, मुंगेली, सुरगुजा, सूरजपुर और कोरिया में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. यहां अचानक तेज हवा (30-40 किमी प्रति घंटा), बिजली गिरने और मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है.
नारायणपुर, कोंडागांव, उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, बलौदा बाजार, रायगढ़, कोरबा, जशपुर, कबीरधाम, सुरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर में येलो अलर्ट जारी किया गया है. यहां हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है.
मानसून द्रोणिका बीकानेर, जयपुर, दमोह, पेंड्रारोड और संबलपुर होते हुए बंगाल की खाड़ी तक बनी हुई है। इसके असर से 4 सितंबर को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ छींटें पड़ने की संभावना है।
कुछ स्थानों पर भारी वर्षा और वज्रपात की आशंका भी जताई गई है, जिसका असर खासकर दक्षिण छत्तीसगढ़ में ज्यादा देखने को मिल सकता है।अगले 24 घंटों तक प्रदेश का मौसम बदला-बदला रहेगा। मौसम विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है।




