विधायक सुनील सोनी को फर्जी आईबी अफसर की धमकी, साइबर पुलिस जांच में जुटी…..

रायपुर के दक्षिण विधायक और पूर्व सांसद सुनील सोनी को एक अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर खुद को आईबी अफसर बताते हुए धमकी दी। मामले को लेकर साइबर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक यह कॉल बुधवार शाम आया था। कॉलर ने दावा किया कि सोनी का मोबाइल नंबर पहलगाम, कश्मीर में हुए आतंकी हमले की जांच में ट्रेस हुआ है और इस नंबर से घटनाक्रम से जुड़े कई कॉल किए गए हैं।
विधायक सुनील सोनी ने इस दावे को खारिज करते हुए अपना परिचय दिया, लेकिन कॉलर इस पर सहमत नहीं हुआ और लंबी बातचीत के दौरान उन्हें आईबी ऑफिस में पूछताछ के लिए तलब करने की बात कहने लगा। इसके बाद कॉल अचानक कट गया।
घटना से चिंतित सोनी ने तुरंत एसएसपी लाल उमेद सिंह को जानकारी दी। उनके निर्देश पर सोनी ने पूरा घटनाक्रम साइबर सेल अफसर मित्तल को लिखित में भेजा, जहां मामले की जांच शुरू हो गई है।
सूत्रों के अनुसार साइबर थाना इस कॉल की पुष्टि करने की कोशिश कर रहा है, लेकिन कई बार संपर्क करने के बावजूद कॉल रिसीव नहीं किया गया। फिलहाल पुलिस कॉल की लोकेशन, नंबर और डिजिटल ट्रेल की जांच कर रही है।




