बिलासपुर

नगर पालिका बोदरी में एसीबी की बड़ी कार्रवाई, रिश्वत लेते सहायक रंगे हाथ गिरफ्तार….

(धीरेंद्र मेहता) : बिलासपुर – नगर पालिका बोदरी में व्याप्त भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए उप अभियंता उपाध्याय के सहायक को रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पर भवन निर्माण के नक्शे को पास कराने के नाम पर आवेदकों से अवैध वसूली करने का आरोप है। इस पूरे मामले में नगर पालिका कार्यालय के एक बाबू की भूमिका भी संदिग्ध बताई जा रही है।

Advertisement

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित आवेदक से भवन नक्शा स्वीकृत करने के बदले रिश्वत की मांग की गई थी। लंबे समय तक परेशान होने के बाद पीड़ित ने एसीबी से लिखित शिकायत की। शिकायत की प्राथमिक जांच में आरोप सही पाए जाने पर एसीबी की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप की कार्रवाई की। तय योजना के मुताबिक जैसे ही आरोपी ने रिश्वत की रकम ली, एसीबी की टीम ने मौके पर दबिश देकर उसे रंगेहाथ पकड़ लिया।

Advertisement

इस कार्रवाई से नगर पालिका कार्यालय में हड़कंप मच गया। अचानक हुई छापेमारी के दौरान कर्मचारियों में अफरा-तफरी का माहौल देखा गया। एसीबी की टीम ने मौके से संबंधित फाइलें, दस्तावेज और अन्य अहम साक्ष्य जब्त किए हैं, जिनकी गहन जांच की जा रही है।

सूत्रों के मुताबिक, मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीबी की टीम ने नगर पालिका के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) से भी पूछताछ की है। जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि यह रिश्वतखोरी केवल एक व्यक्ति तक सीमित थी या इसके पीछे कोई संगठित नेटवर्क काम कर रहा था। संभावना जताई जा रही है कि जांच के दौरान अन्य कर्मचारियों की भूमिका भी सामने आ सकती है।

एसीबी अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ और एकत्र किए गए साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले का जल्द खुलासा किया जाएगा। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।

नगर पालिका बोदरी में हुई यह कार्रवाई प्रशासनिक स्तर पर एक कड़ा संदेश मानी जा रही है। इसे सरकारी कार्यालयों में फैले भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त चेतावनी के रूप में देखा जा रहा है। वहीं, आम नागरिकों में इस कार्रवाई के बाद यह भरोसा भी जगा है कि शिकायत करने पर भ्रष्टाचारियों के खिलाफ ठोस और कड़ी कार्रवाई संभव है।

Related Articles

Back to top button