अपहृत किराना व्यवसायी सकुशल बरामद, अंतरराज्यीय गिरोह के 3 किडनैपर गिरफ्तार

(शैलेश सोनी) : जीपीएम जिले के मरवाही थाना क्षेत्र में हुए सनसनीखेज अपहरण और फिरौती कांड का पुलिस ने महज तीन दिनों में खुलासा कर दिया है। पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त कार्रवाई में अपहृत किराना व्यवसायी गिरीश यादव को सकुशल बरामद कर लिया गया है। वहीं इस वारदात को अंजाम देने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
20 जून को ग्राम उषाढ़ में दिनदहाड़े किराना व्यवसायी गिरीश यादव का उनके घर के सामने से अपहरण कर लिया गया था। बलेनो कार में पहुंचे हथियारबंद बदमाशों ने पिस्तौल की नोक पर उन्हें जबरन वाहन में बैठाकर फरार हो गए। घटना के बाद आरोपियों ने परिजनों से संपर्क कर गिरीश यादव की रिहाई के एवज में 20 लाख रुपये की फिरौती मांगी और रकम नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग और पुलिस अधीक्षक मनोज खिलारी के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अविनाश कुमार मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस और साइबर सेल ने सीडीआर, टावर लोकेशन और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने महाराष्ट्र, राजस्थान और उत्तर प्रदेश से गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में पुंडलिक केंद्रे, चंद्रशेखर और शेषपाल सिंह शामिल हैं। इनके कब्जे से एक पिस्तौल, छह जिंदा कारतूस, छह एंड्रॉइड मोबाइल और नीली बत्ती व फर्जी पुलिस बोर्ड लगी स्कॉर्पियो-एन वाहन बरामद की गई है। पुलिस ने अपहृत गिरीश यादव को सुरक्षित मुक्त करा लिया है। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लिया गया है, जहां पूछताछ में गिरोह के अन्य सदस्यों और अन्य वारदातों से जुड़े महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है।




