मैं भाजपा का कार्यकर्ता हूं और नितिन नबीन मेरे बॉस हैं : पीएम मोदी

भारतीय जनता पार्टी को आज नया राष्ट्रीय अध्यक्ष मिल गया है। नितिन नबीन को भाजपा का 12वां राष्ट्रीय अध्यक्ष चुन लिया गया है। बीजेपी मुख्यालय में उनके नाम का आधिकारिक ऐलान किया गया। 45 वर्षीय नितिन नबीन भाजपा के अब तक के सबसे युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष बने हैं।
इस ऐतिहासिक मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्री, वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मंच पर मौजूद रहे।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नितिन नबीन को बधाई देते हुए बेहद भावुक और संदेशपूर्ण संबोधन दिया। पीएम मोदी ने कहा—
“लोगों को लगता होगा कि नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री हैं, तीसरी बार प्रधानमंत्री बने, 50 साल की उम्र में मुख्यमंत्री बने, 25 साल लगातार सरकार का नेतृत्व किया… लेकिन मेरे जीवन की सबसे बड़ी बात ये है कि मैं भाजपा का कार्यकर्ता हूं। यह मेरा सबसे बड़ा गर्व है। नितिन नबीन जी मेरे बॉस हैं और हम सभी के अध्यक्ष हैं।”
पीएम मोदी ने कहा कि नितिन नबीन का दायित्व सिर्फ भाजपा संगठन तक सीमित नहीं है, बल्कि एनडीए के सभी सहयोगियों के साथ सामंजस्य बनाना भी उनकी बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि नितिन नबीन ने अब तक जो भी जिम्मेदारी निभाई है, उसमें खुद को साबित किया है।प्रधानमंत्री ने कहा कि संगठन पर्व के तहत भाजपा ने लोकतांत्रिक प्रक्रिया से बूथ स्तर से लेकर राष्ट्रीय अध्यक्ष तक का चयन किया और आज उसका विधिवत समापन हुआ। उन्होंने देशभर के कार्यकर्ताओं को इस प्रक्रिया को सफल बनाने के लिए बधाई दी।
पीएम मोदी ने जनसंघ की स्थापना के 75 वर्ष पूरे होने का उल्लेख करते हुए कहा कि जनसंघ और भाजपा से जुड़े कार्यकर्ताओं के त्याग और बलिदान को देश कभी नहीं भूल सकता।प्रधानमंत्री ने भाजपा के सभी पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्षों को भी अभिनंदन करते हुए कहा कि भाजपा का नेतृत्व अनुभव, परंपरा और राष्ट्रसेवा की भावना से आगे बढ़ता है।नितिन नबीन के अध्यक्ष बनने के साथ ही पार्टी संगठन में नई ऊर्जा और युवा नेतृत्व की नई शुरुआत मानी जा रही है।




