सागौन तस्करी मामले में फरार 5 आरोपी गिरफ्तार, वन विभाग पर हमला कर हुए थे फरार

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर जिले के कोटा थाना क्षेत्र में शासकीय कार्य में बाधा डालने और वन विभाग की टीम पर हमला करने वाले पांच फरार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। ये सभी आरोपी सागौन लकड़ी की तस्करी में शामिल थे और कार्रवाई के दौरान टीम पर हमला कर मौके से फरार हो गए थे।
घटना 1 जून 2025 की है, जब कोटा वन परिक्षेत्र अधिकारी विवेक देवांगन को ग्राम सेमरिया में सागौन की अवैध तस्करी की सूचना मिली। सूचना पर वन विभाग की टीम ने छापामार कार्रवाई की, लेकिन आरोपियों ने गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देते हुए शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाई।
इस मामले में पहले ही चार आरोपियों — दिनेश ध्रुव, नील कुमार घृतलहरे, भुरवा सिंह और शकुन बाई — को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा चुका है।
अब इसी केस में फरार चल रहे पांच अन्य आरोपियों – रामेश्वर बंजारे,प्रकाश मधुकर, पंकज खांडे,सनत मधुकर और धन्नू पाटले सभी निवासी ग्राम सेमरिया को कोटा पुलिस ने दबोच लिया है। इस कार्रवाई को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में, एएसपी अर्चना झा और एसडीओपी नूपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन में अंजाम दिया गया। गिरफ्तारी में निरीक्षक तोपसिंह नवरंग, प्रधान आरक्षक घनश्याम आडिल और आरक्षक जलेश्वर साहू की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की कई गंभीर धाराएं — 121(1), 132, 221, 296, 351(2), 324(4), 191(2), 3(5) बीएनएस — के तहत मामला दर्ज किया गया है।सागौन तस्करी जैसे संगठित अपराधों पर पुलिस और वन विभाग की ये संयुक्त कार्रवाई एक कड़ा संदेश है — कि जंगलों की संपत्ति पर नज़र रखने वालों को अब कानून का शिकंजा नहीं छोड़ेगा।




