छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में भारी बारिश और बाढ़ का अलर्ट: अगले 5 दिन संभागों में अति भारी वर्षा की चेतावनी

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : छत्तीसगढ़ जहां मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। अगले 5 दिनों तक प्रदेश के कई जिलों में भारी से अति भारी वर्षा की चेतावनी है… और कई इलाकों में बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है।

Advertisement

मौसम विभाग के मुताबिक अगले 5 दिनों तक सरगुजा और बिलासपुर संभाग के कुछ इलाकों में भारी से अति भारी बारिश की संभावना है। वहीं अगले 24 घंटों के दौरान कोरिया, मनेन्द्रगढ़, चिरमिरी-भरतपुर, सूरजपुर, बलरामपुर, जशपुर और कोरबा जिलों में बाढ़ का खतरा बताया गया है। प्रशासन ने संबंधित जिलों को अलर्ट पर रखा है।

Advertisement

पिछले 24 घंटों के दौरान बिलासपुर और सरगुजा संभाग में कहीं-कहीं पर बहुत भारी वर्षा दर्ज की गई है। खरसिया और करतला में सबसे अधिक 15 सेमी वर्षा हुई है, जबकि कोरबा, भेसमा और बिहारपुर में 12 से 13 सेमी तक पानी गिरा। रायगढ़, सक्ती, लोरमी, छाल, रतनपुर, हसौद, पाली, बोड़ला और चंद्रपुर जैसे कई स्थानों में भी 6–10 सेमी बारिश हुई है।

मौसम विभाग ने साफ कहा है कि इन जिलों के निचले इलाकों में जलभराव, सड़क कटाव और नदियों का जलस्तर अचानक बढ़ सकता है। जिला प्रशासन को राहत एवं बचाव दलों को तैनात करने और लोगों को अलर्ट पर रखने के निर्देश दिए गए हैं। स्कूल-कॉलेजों में अवकाश और यातायात को लेकर विशेष सावधानी बरतने की तैयारी की जा रही है।

अब बात करते हैं मौसम को प्रभावित करने वाले सिस्टम्स की। इस वक्त चार बड़े चक्रवाती परिसंचरण और एक सक्रिय मानसून द्रोणिका प्रदेश में भारी बारिश का कारण बने हुए हैं द्रोणिका रेखा श्रीगंगानगर से कोलकाता होते हुए बंगाल की खाड़ी तक जा रही है।

उत्तर-पूर्व मध्य प्रदेश और पश्चिम बंगाल के ऊपर चक्रवाती परिसंचरण बने हुए हैं, जो ऊंचाई के साथ दक्षिण की ओर झुके हुए हैं। साथ ही गुजरात से लेकर झारखंड और छत्तीसगढ़ तक एक ऊपरी हवा का सर्कुलेशन सक्रिय है। आगामी पूर्वानुमान मौसम विभाग के मुताबिक 5 जुलाई को प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। एक-दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा और वज्रपात की चेतावनी दी गई है।अगले 2 दिनों के दृष्टिकोण में फिर एक बार अति भारी वर्षा की आशंका जताई गई है।

बिलासपुर के लिए 5 जुलाई का पूर्वानुमान यह कहता है कि आसमान में बादल छाए रहेंगे और दिनभर रुक-रुक कर बारिश होती रहेगी। अधिकतम तापमान 27°C और न्यूनतम 24°C के आसपास रहने की संभावना है।

जनता से अपील है कि भारी वर्षा और संभावित बाढ़ की स्थिति में सुरक्षित स्थानों पर रहें। नदी-नालों के आसपास जाने से बचें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। आपात स्थिति में नजदीकी राहत केंद्रों से संपर्क करें।

Related Articles

Back to top button