छत्तीसगढ़ के इन इलाकों में भारी बारिश का अलर्ट….

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : रायपुर। मौसम विज्ञान केंद्र रायपुर ने प्रदेश के लिए चेतावनी जारी की है। बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दाब क्षेत्र के कारण छत्तीसगढ़ में अगले दो दिनों तक भारी बारिश की संभावना जताई गई है।पिछले 24 घंटों में सरगुजा, बिलासपुर, रायपुर और दुर्ग संभाग के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हुई, जबकि बस्तर संभाग में कई जगह भारी से बहुत भारी बारिश दर्ज की गई।
राजनांदगांव में सबसे अधिक तापमान 32.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 21 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। बारिश के आंकड़ों के अनुसार, दंतेवाड़ा में 11 सेमी, नारायणपुर के नानगुर में 13 सेमी, और बीजापुर, बस्तानार, बालोद, बड़े बचेेली व गीदम में 5-5 सेमी वर्षा दर्ज की गई।
मौसम विभाग ने विशेष अलर्ट जारी करते हुए कहा है कि आज, 3 सितंबर को दक्षिण और मध्य छत्तीसगढ़ के जिलों दंतेवाड़ा, बीजापुर, सुकमा, बस्तर, नारायणपुर और कांकेर में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा, सरगुजा, जशपुर, कोरिया, बिलासपुर, रायगढ़ और रायपुर जिलों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश का अनुमान है।
लोगों से अपील की गई है कि वे मौसम विभाग के अलर्ट को गंभीरता से लें। निचले इलाकों में रहने वाले लोग सतर्क रहें और नदी-नालों के किनारे अनावश्यक रूप से न जाएँ।मौसम विज्ञान केंद्र रायपुर के अनुसार, कोंडागांव, कांकेर, नारायणपुर, रायपुर, सक्ती, सारंगढ़ और कसडोल-बिलाईगढ़ के कई क्षेत्रों में अगले 24 घंटों में भारी बारिश होने की संभावना है।




