सोने-चांदी की कीमतों में तीसरे दिन भी भारी गिरावट….

नई दिल्ली। सोने और चांदी की कीमतों में लगातार तीसरे दिन भारी गिरावट देखने को मिल रही है। निवेशकों द्वारा बड़े पैमाने पर प्रॉफिट बुकिंग किए जाने से कीमती धातुओं के दामों पर दबाव बना हुआ है, सोमवार को मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज यानी MCX पर 2 अप्रैल डिलीवरी वाला सोना करीब 3 प्रतिशत की गिरावट के साथ लगभग 4 हजार रुपये टूटकर 1 लाख 38 हजार 256 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार करता नजर आया।
वहीं, 5 मार्च डिलीवरी वाली चांदी में और भी तेज गिरावट दर्ज की गई। चांदी करीब 6 प्रतिशत टूटकर
लगभग 16 हजार रुपये की गिरावट के साथ 2 लाख 49 हजार 713 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर ट्रेड करती दिखाई दी। अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोने और चांदी की कीमतों में जबरदस्त कमजोरी देखी जा रही है। सोना करीब 4 प्रतिशत से ज्यादा गिरकर 4689 डॉलर प्रति औंस के आसपास कारोबार कर रहा था, जबकि चांदी 6 प्रतिशत से अधिक टूटकर लगभग 79 डॉलर प्रति औंस के स्तर पर पहुंच गई।
विशेषज्ञों के अनुसार, सीएमई द्वारा गोल्ड और सिल्वर फ्यूचर्स के लिए मार्जिन की जरूरतें बढ़ाए जाने से भी बाजार पर असर पड़ा है। मार्जिन बढ़ने का मतलब है कि ट्रेडर्स को अब डेरिवेटिव सेगमेंट में ज्यादा पैसा लगाना होगा, जिससे सट्टेबाजी कम हो सकती है और लिक्विडिटी पर दबाव आ सकता है।एक्सपर्ट्स का मानना है कि कमजोर वैश्विक संकेतों और मार्जिन बढ़ोतरी के चलते निवेशक लगातार मुनाफावसूली कर रहे हैं, जिसकी वजह से सोने और चांदी की कीमतों में इतनी तेज गिरावट देखने को मिल रही है।




