
(रायपुर ब्यूरो) : राजधानी रायपुर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। पारिवारिक विवाद के चलते एक पति ने अपनी पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी। यह वारदात कबीर नगर थाना क्षेत्र की है, जहां आरोपी ने पत्नी की उसी के दुपट्टे से हत्या कर दी।
मृतका के पिता कृष्णा सिंह ने कबीर नगर थाने में लिखित शिकायत दर्ज करवाई, जिसके बाद पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराया। पीएम रिपोर्ट में गला घोंटकर हत्या की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान प्रिंस सिंह के रूप में हुई है, जो मूल रूप से उरला न्यू राजेन्द्र नगर अछोली, थाना उरला का निवासी है। वर्तमान में वह कबीर नगर क्षेत्र के एमडी 87 में रह रहा था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज कर लिया है और मामले की जांच जारी है। फिलहाल आरोपी पुलिस की हिरासत में है और उससे पूछताछ की जा रही है।




