धमनी में 40 पौवा देशी शराब के साथ बुजुर्ग गिरफ्तार, बिक्री के लिए ले जा रहा था शराब

(धीरेन्द्र मेहता) : बिलासपुर/चकरभाठा। चकरभाठा पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ग्राम धमनी निवासी एक व्यक्ति को 40 पौवा देशी शराब और मोटरसाइकिल सहित गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धाराओं 34(2) एवं 47 के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया।पुलिस के अनुसार, 22 जुलाई 2026 को पेट्रोलिंग के दौरान जेठिया तालाब के पास मुखबिर की सूचना पर एक व्यक्ति को पैशन प्रो मोटरसाइकिल (CG 10 NC 7940) में शराब ले जाते हुए पकड़ा गया। पूछताछ में उसने अपना नाम रामाधार सूर्यवंशी (60 वर्ष), निवासी ग्राम धमनी, थाना चकरभाठा बताया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से हरे रंग के प्लास्टिक थैले में रखी 180-180 एमएल की 40 बोतल सुपर 36 प्लेन देशी शराब बरामद हुई। कुल 7.2 लीटर शराब की कीमत करीब 3,200 रुपये आंकी गई। वहीं परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल की कीमत लगभग 25 हजार रुपये बताई गई। जब्त सामग्री की कुल कीमत 28,200 रुपये है।
पुलिस ने आरोपी से शराब परिवहन एवं बिक्री संबंधी वैध लाइसेंस या दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका। इसके बाद गवाहों की मौजूदगी में शराब और मोटरसाइकिल जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
चकरभाठा थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) एवं 47 के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। आरोपी को न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय में पेश किया गया।




