शशांक चोपड़ा की 40 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति ईडी ने की जब्त….

छत्तीसगढ़ में एक बार फिर प्रवर्तन निदेशालय यानी ईडी ने बड़ी कार्रवाई की है। रायपुर स्थित ईडी कार्यालय ने पीएमएलए, 2002 के तहत मेडिकल उपकरण एवं री-एजेंट खरीद घोटाले में 30 और 31 जुलाई 2025 को एक साथ 20 ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया। ये कार्रवाई शशांक चोपड़ा, उनके परिवार के सदस्यों, उनकी व्यावसायिक संस्थाओं और राज्य के कुछ अधिकारियों सहित अन्य सहयोगियों के आवासीय और व्यावसायिक परिसरों पर की गई। तलाशी के दौरान ईडी को कई आपत्तिजनक दस्तावेज़, डिजिटल उपकरण, बैंक खातों में जमा राशि, सावधि जमा, डीमैट खातों में शेयर और महंगे वाहन मिले। ईडी के मुताबिक, इस पूरे घोटाले में 40 करोड़ रुपये से अधिक की अवैध संपत्तियों को जब्त या फ्रीज किया गया है।
जांच एजेंसी अब इन संपत्तियों के स्रोत और उपयोग की गहराई से जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि मेडिकल उपकरणों की खरीद में बड़े स्तर पर गड़बड़ी की गई थी, जिससे सरकारी धन का दुरुपयोग हुआ। इस मामले में और भी बड़ी गिरफ्तारियां और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है। फिलहाल ईडी की जांच जारी है और प्रदेश में भ्रष्टाचार के खिलाफ यह कार्रवाई बड़ा संदेश मानी जा रही है।




