बिलासपुर

नशे में हुआ विवाद, ईंट से सिर कुचलकर युवक की हत्या

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर के रतनपुर थाना क्षेत्र में एक बार फिर हत्या की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। ग्राम अकलतरी में देर रात गाली-गलौज को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। दो युवकों ने 35 वर्षीय इंद्रप्रकाश उर्फ गोलू भार्गव की उसके ही घर की छत पर ईंट और धारदार हंसिया से हमला कर बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। प्रारंभिक पूछताछ में दोनों ने गुस्से में हत्या करना स्वीकार किया है।

Advertisement

रतनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम अकलतरी के नीम चौक निवासी इंद्रप्रकाश उर्फ गोलू भार्गव (35) की देर रात उसके ही घर की छत पर निर्मम हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि देर रात मृतक और गांव के कुछ लोगों के बीच गाली-गलौज को लेकर विवाद हुआ। विवाद इतना बढ़ा कि गांव के ही अमित कुमार सोनवानी (19 वर्ष) और सुधीर सोनवानी (26 वर्ष) गुस्से में मृतक के घर की छत पर पहुंच गए। वहां उन्होंने दीवार की ईंट निकालकर उसके सिर और चेहरे पर ताबड़तोड़ वार किए। हमले में धारदार हंसिया का भी इस्तेमाल किया गया। गंभीर चोटों के कारण इंद्रप्रकाश की मौके पर ही मौत हो गई।

Advertisement

सूचना मिलते ही रात करीब एक बजे रतनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी नशे की हालत में थे। प्रारंभिक पूछताछ में उन्होंने बताया कि मृतक उनके घर के सामने गाली-गलौज कर रहा था, जिससे आक्रोशित होकर उन्होंने हमला कर दिया। हालांकि दोनों के होश में आने के बाद घटना के पूरे घटनाक्रम और हत्या के वास्तविक कारणों को लेकर विस्तृत पूछताछ की जाएगी। घटनास्थल से खून से सनी ईंट और धारदार हंसिया बरामद किया गया है। एफएसएल टीम मौके से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाएगी, जबकि शव का पोस्टमार्टम कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

 

लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं के बीच रतनपुर क्षेत्र में यह कुछ ही दिनों के भीतर तीसरी हत्या की वारदात है। इससे इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है कि मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है।

Related Articles

Back to top button