करंट लगने के बाद डीजे वैन पलटा, 5 की मौत, 3 गंभीर रूप से घायल….

डीजे वैन बिजली के तार की चपेट में आ गई और अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई। इस दर्दनाक हादसे में अब तक 5 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 3 अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। यह हादसा बिहार के भागलपुर जिले के शाहकुंड थाना क्षेत्र में हुआ।
यह डीजे वैन सुल्तानगंज से ज्येष्ठगौरनाथ जा रही थी। वैन में कुल 9 लोग सवार थे। जैसे ही वैन महंत स्थान के पास पहुंची, वह ऊपर से गुजर रहे बिजली के तार से टकरा गई। करंट लगने के बाद वैन चालक ने नियंत्रण खो दिया, जिससे वाहन गड्ढे में जा गिरा। हादसे के बाद कुछ लोगों ने वैन से कूदकर अपनी जान बचाई, जबकि बाकी दब गए।
घायलों को तुरंत शाहकुंड सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया है, जहां 3 लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं, मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।फिलहाल पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद है और राहत व बचाव कार्य जारी है। बिजली विभाग और प्रशासन की लापरवाही पर भी सवाल उठने लगे हैं। हादसे की जांच जारी है।




