देश

रिटायर्ड IAS के घर मिले करोड़ों के हीरे, बसपा सरकार मे था जलवा..

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम ने मेरठ स्थित शारदा एक्सपोर्ट के मालिक, उनसे जुड़े लोगों और उनकी योजनाओं में साठगांठ करने वाले सेवानिवृत्त आईएएस के यहां बुधवार को एक साथ बड़ी छापेमारी की। इस दौरान टीम ने दो के घर से 12 करोड़ के हीरे बरामद किए हैं।

Advertisement

यह छापा चंडीगढ़ में यूपी से सेवानिवृत्त आईएएस मोहिंदर सिंह, मेरठ के कारोबारी आदित्य गुप्ता समेत पांच लोगों के यहां मारा गया। मोहिंदर सिंह के घर से सात करोड़ रुपये के हीरे और व्यापारी के घर से पांच करोड़ रुपये के हीरे बरामद हुए।

Advertisement

इसके अलावा इस कार्रवाई में सात करोड़ रुपये का सोना, नगदी और कई संदिग्ध दस्तावेज भी मिले हैं। ईडी की दोनों टीमें बुधवार की दोपहर कार्रवाई पूरी कर लखनऊ लौट आईं। यह भी कहा जा रहा है कि एक टीम दिल्ली चली गई है। इस बारे में ईडी के अफसरों ने ज्यादा कुछ नहीं बोला।

ईडी सूत्रों के मुताबिक, शारदा एक्सपोर्ट समूह से जुड़े लोगों के मेरठ, दिल्ली, चंडीगढ़ और गोवा के ठिकानों पर मंगलवार को छापेमारी की गई थी। इस दौरान मिले कई दस्तावेजों से महत्वपूर्ण जानकारियां हाथ लगीं।

इसके बाद ही ईडी की दो टीमों ने वर्ष 2011 में नोएडा के सीईओ रहे मोहिंदर सिंह के चंडीगढ़ स्थित आवास पर बुधवार तड़के दबिश दे दी। इस छापे की किसी को भनक तक नहीं लगी।

ईडी के अफसरों ने बताया कि इस पूरी कार्रवाई में तीन घरों से सात करोड़ रुपये का सोना व अन्य जेवर भी मिले हैं। इसके अलावा आलमारियों में कई ऐसे दस्तावेज मिले हैं, जिसके बारे में ये लोग जवाब नहीं दे सके।

इन सभी दस्तावेजों को भी जब्त कर लिया गया है। ईडी के अफसरों ने मौके से लैपटाप व कम्प्यूटर के अलावा पांच मोबाइल भी अपने कब्जे में ले लिए हैं।

Related Articles

Back to top button