छत्तीसगढ़ में ठंड की दस्तक, तापमान में आई गिरावट

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : छत्तीसगढ़ में मौसम अब पूरी तरह बदल रहा है। सुबह-शाम की हवाओं में ठंडक घुलने लगी है, और लोगों ने रजाई-कंबल निकालना शुरू कर दिया है। मौसम विभाग के मुताबिक़, अगले 24 घंटे में उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ में न्यूनतम तापमान 2 से 3 डिग्री तक गिर सकता है। वहीं 48 घंटे बाद दक्षिण छत्तीसगढ़ में भी ठंड का असर तेज़ होगा।
विओ — प्रदेश में इस वक्त मौसम शुष्क बना हुआ है, लेकिन तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। सर्वाधिक अधिकतम तापमान 32.4°C माना (रायपुर) में, जबकि न्यूनतम तापमान सिर्फ़ 12.5°C अंबिकापुर में दर्ज किया गया। सुबह के समय हल्का कोहरा और हवा की ठिठुरन अब लोगों को सर्दी का पूरा एहसास कराने लगी है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि उत्तर भारत से आ रही ठंडी हवाओं ने अब प्रदेश में दस्तक दे दी है। आने वाले दिनों में तापमान और नीचे जा सकता है। रायपुर और बिलासपुर में भी अब सुबह की शुरुआत ठंडी हवाओं से होने लगी है। सड़क किनारे चाय की दुकानों पर भीड़ बढ़ रही है, और लोग अब ऊनी कपड़े पहनकर निकल रहे हैं। यानी कि अब मौसम में ठंडक नहीं, सर्दी का असर साफ़ महसूस होने लगा है।
रायपुर और बिलासपुर में 6 नवंबर को लगभग आसमान साफ़ रहेगा। अधिकतम तापमान 31°C और न्यूनतम 19°C के आसपास रह सकता है। वहीं बिलासपुर में सुबह-सुबह की ठंडी हवा और हल्की धुंध लोगों को सर्दी के मौसम की याद दिला रही है। कुल मिलाकर अब छत्तीसगढ़ में ठंड ने पूरी तरह दस्तक दे दी है सुबह की ओस, कोहरे की चादर और ठंडी हवाएं… अब सर्दियों का मौसम लौट आया है।



